Jadugoda: राखा कॉपर कॉलोनी स्थित पुराने नर्सरी स्कूल परिसर में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सुबह लोगों ने एक बुजुर्ग का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। मृतक की पहचान 80 वर्षीय रतन बहादुर श्रेष्ठ के रूप में हुई है, जो यूसिलकर्मी संजय श्रेष्ठ के पिता बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह जब कुछ लोग वहां से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर जमीन पर पड़े शव पर पड़ी। देखते ही देखते आसपास लोगों की भीड़ जुट गई और मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
बुजुर्ग रात से थे लापता, सुबह मिली लाश
जानकारी के मुताबिक रतन बहादुर श्रेष्ठ बीती रात किसी काम से जादूगोड़ा से राखा कॉलोनी आए थे, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटे। परिजनों को भी उनकी कोई खबर नहीं मिली थी। सुबह जब उनका शव मिला, तो परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि अज्ञात हमलावर ने उन पर धारदार हथियार से हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जिस तरह से वार किया गया है, उससे घटना को बेहद क्रूर बताया जा रहा है।
घटनास्थल पर घायल महिला मिलने से मामला हुआ पेचीदा
इस पूरे मामले में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। घटनास्थल पर एक घायल महिला भी मिली है, जिससे मामले ने और रहस्य का रूप ले लिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला का इस घटना से क्या संबंध है, लेकिन पुलिस उसे अहम कड़ी मानकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही जादूगोड़ा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। एसआई प्रीतम राज अपने दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे इलाके का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। साथ ही पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है।
आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी
पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश में छापेमारी शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।