Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-08-26

International News: न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने मोहन भागवत के कार्यक्रम का किया विरोध

International News: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत के 29 अगस्त को न्यूयॉर्क में होने वाले "Universal Oneness Celebration" कार्यक्रम को लेकर विवाद बढ़ गया है। न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी ने कार्यक्रम के प्रति असहमति जताई है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि किसी निजी कार्यक्रम को रद्द करने का अधिकार शहर प्रशासन के पास है या नहीं, यह उन्हें स्पष्ट नहीं है। 


ममदानी बोले:- मैं कार्यक्रम का समर्थन नहीं करता

मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ममदानी से पूछा गया कि क्या मैडिसन स्क्वायर गार्डन में होने वाले कार्यक्रम को रद्द किया जाना चाहिए। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि वह कार्यक्रम का समर्थन नहीं करते, लेकिन निजी आयोजन को रद्द करने के लिए शहर के अधिकार क्षेत्र को लेकर वह निश्चित नहीं हैं।

ममदानी ने खुद को न्यूयॉर्क शहर का पहला भारतीय-अमेरिकी मेयर बताते हुए कहा कि उनका भारत से पारिवारिक जुड़ाव है। उन्होंने भारत को बहुलतावादी समाज और धर्मनिरपेक्ष गणराज्य के रूप में देखने की बात कही। उन्होंने किसी भी देश में बहिष्कार और भेदभाव पर आधारित विचारधारा के बढ़ने को चिंताजनक बताया। 


कई संगठनों ने कार्यक्रम के विरोध में प्रदर्शन किया

मोहन भागवत के कार्यक्रम को लेकर अमेरिका में कुछ अंतर-धार्मिक और नागरिक अधिकार संगठनों ने भी विरोध जताया है। Hindus for Human Rights, Indian American Muslim Council और Interfaith Center of New York समेत कई संगठनों ने न्यूयॉर्क सिटी हॉल के बाहर प्रदर्शन किया और कार्यक्रम रद्द करने की मांग की। 

मोहन भागवत 25 अगस्त को अमेरिका पहुंचे हैं। वह RSS के शताब्दी वर्ष के वैश्विक संपर्क कार्यक्रम के तहत अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन की यात्रा पर हैं। 29 अगस्त को न्यूयॉर्क में होने वाले Universal Oneness Celebration में उनके संबोधन के लिए करीब 5,000 लोगों के जुटने की बात पहले कही गई थी।

आयोजकों ने बताया कार्यक्रम का उद्देश्य

कार्यक्रम का आयोजन AHEAD Forum (American Hindus for Engagement and Dialogue) कर रहा है। आयोजकों के अनुसार, Universal Oneness Celebration का उद्देश्य एकता, आपसी सम्मान और वैश्विक सद्भाव का संदेश देना है। कार्यक्रम का केंद्रीय संदेश "वसुधैव कुटुंबकम" यानी "दुनिया एक परिवार है" रखा गया है। आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम में 200 से अधिक हिंदू-अमेरिकी संगठन भाग ले रहे हैं। 

कार्यक्रम को लेकर जारी विवाद के बीच आयोजकों ने इसे सांस्कृतिक और सामुदायिक एकता पर केंद्रित आयोजन बताया है, जबकि विरोध करने वाले संगठन RSS की विचारधारा और भागवत की मौजूदगी को लेकर अपनी आपत्तियां जता रहे हैं।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !