Hazaribagh: हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत सिकरी ओपी के पारनदी गांव में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव खेत में पड़ा मिला। मृतक की पहचान 28 वर्षीय तुलसी महतो के रूप में हुई है, जो पिछले दो दिनों से लापता था।
परिजनों के अनुसार, तुलसी रविवार से घर नहीं लौटा था। परिवार और ग्रामीणों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे ऊपर मोहड़र-चीटाही के पास एक खेत में उसका क्षत-विक्षत शव मिलने की सूचना मिली। शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात अपराधियों ने गला रेतकर उसकी हत्या की है।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही सिकरी ओपी प्रभारी रामकुमार राम पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आसपास के इलाके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है, हालांकि परिजन इसे पुरानी रंजिश या सोची-समझी साजिश से जोड़कर देख रहे हैं।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
तुलसी महतो अपने पिता रामेश्वर महतो का इकलौता बेटा था और परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। करीब दस वर्ष पहले उसकी शादी कटकमसांडी के बसंतपुर में हुई थी। वह अपने पीछे पत्नी, एक बेटी और एक बेटे को छोड़ गया है। अचानक हुई इस घटना से परिवार के सामने आर्थिक और सामाजिक संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों में आक्रोश, प्रशासन से मांग
घटना के बाद गांव में रोष का माहौल है। परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे सड़क जाम कर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
पुलिस अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है।