Green Tea Bags Reuse: आजकल फिटनेस और हेल्दी लाइफस्टाइल के चलते ग्रीन टी का चलन तेजी से बढ़ा है. लेकिन ज्यादातर लोग चाय बनाने के बाद उसके टी बैग्स को बेकार समझकर फेंक देते है. जबकि सच यह है कि इस्तेमाल किए गए ग्रीन टी बैग्स कई कामों में बेहद उपयोगी साबित हो सकते है. ये न सिर्फ आपकी त्वचा और बालों के लिए फायदेमंद है, बल्कि घर की सफाई और बागवानी में भी काम आते है.
डार्क सर्कल और थकान से राहत
अगर आपकी आंखों में थकान या डार्क सर्कल की समस्या है, तो ग्रीन टी बैग्स आपके लिए आसान उपाय हो सकते हैं. इस्तेमाल के बाद इन्हें कुछ देर फ्रिज में ठंडा कर लें और फिर 10-15 मिनट के लिए आंखों पर रखें. इससे सूजन कम होती है और आंखों को ठंडक मिलती है.
मुहांसों और स्किन इरिटेशन में फायदेमंद
ग्रीन टी में मौजूद तत्व त्वचा की सूजन और लालिमा को कम करने में मदद करते हैं. ठंडे किए गए टी बैग्स को सीधे प्रभावित जगह पर लगाने से मुहांसों में राहत मिलती है. साथ ही हल्की जलन या कीड़े के काटने पर भी यह घरेलू उपाय काफी असरदार साबित हो सकता है.
बालों के लिए नेचुरल हेयर रिंस
इस्तेमाल किए गए टी बैग्स को दोबारा गुनगुने पानी में डालकर एक हल्का रिंस तैयार किया जा सकता है. शैम्पू के बाद इस पानी को बालों पर डालने से बालों में चमक आती है और स्कैल्प हेल्दी रहता है. यह डैंड्रफ को कम करने में भी मदद करता है.
घर की बदबू दूर करने का आसान तरीका
सूखे हुए टी बैग्स को आप प्राकृतिक डियोडोराइजर की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं. इन्हें जूते, फ्रिज, अलमारी या कमरे के कोनों में रखने से बदबू कम होती है. यह केमिकल वाले फ्रेशनर का एक सुरक्षित विकल्प है.
पौधों के लिए प्राकृतिक खाद
अगर आपको गार्डनिंग पसंद है, तो ग्रीन टी बैग्स आपके पौधों के लिए भी फायदेमंद हैं. इन्हें मिट्टी में मिलाने से पौधों को पोषण मिलता है और मिट्टी की नमी बनी रहती है. इससे पौधों की ग्रोथ बेहतर होती है.
ग्रीन टी बैग्स को फेंकने के बजाय अगर सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए, तो ये आपके रोजमर्रा के कई काम आसान बना सकते हैं. छोटे-छोटे ये उपाय आपकी सेहत, सुंदरता और घर की देखभाल में बड़ा योगदान दे सकते हैं.