East Singhbhum Crime: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र में बेखौफ चोरों ने पुलिसिया गश्त को खुली चुनौती दे डाली है. सोमवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने पुलिस स्टेशन से मात्र 500 मीटर की दूरी पर स्थित एक ज्वेलरी शॉप और पास के ही गांव की एक मोबाइल दुकान को निशाना बनाया. चोर दोनों जगहों से लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने, नए मोबाइल फोन और नगदी समेटकर रफूचक्कर हो गए. इस दोहरे कांड के बाद से स्थानीय कारोबारियों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ गहरा असंतोष है.
छत काटकर दुकान में दाखिल हुए चोर, DVR भी ले गए
मंगलवार सुबह जब आभूषण दुकानदार दीपक स्वर्णकार अपनी दुकान खोलने पहुंचे, तो अंदर का मंजर देखकर स्तब्ध रह गए. दुकान का सारा सामान फर्श पर बिखरा पड़ा था. पड़ताल करने पर सामने आया कि चोरों ने दुकान में लगे टीन और एस्बेस्टस की छत को काटकर प्रवेश किया था. पीड़ित के मुताबिक, शातिर चोर करीब डेढ़ किलोग्राम चांदी के आभूषण, 15 ग्राम सोने के जेवर और गल्ले में रखे 25 हजार रुपये नकद उड़ा ले गए. इतना ही नहीं, अपनी पहचान छिपाने की नीयत से वे जाते-जाते दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर (DVR) भी उखाड़ ले गए.
मोबाइल दुकान पर भी बोला धावा, उड़ाए नगदी और फोन
उसी रात चोरों ने बारियादा गांव स्थित एक मोबाइल शॉप में भी इसी तरीके से डाका डाला. यहाँ भी अपराधियों ने दुकान की टीन की छत को काटकर रास्ता बनाया और भीतर दाखिल हो गए. चोर दुकान से 31 हजार रुपये नगद और कई महंगे नए स्मार्टफोन चुराकर चंपत हो गए. एक ही रात में दो अलग-अलग दुकानों में हुई इस भीषण चोरी की वारदात से व्यापारी वर्ग पूरी तरह सहमा हुआ है.
गश्त और दुकान खुलने के समय के बीच हुई वारदात, जांच जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पीड़ित दुकानदारों ने बोड़ाम थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस के प्राथमिक आकलन के अनुसार, क्षेत्र में रात 11:30 बजे तक पुलिस की नाइट पेट्रोलिंग टीम मौजूद थी, जबकि तड़के 2:30 बजे के आसपास स्थानीय चाय की दुकानें खुलने लगती हैं. पुलिस का मानना है कि वारदात को इसी खाली वक्त के दौरान अंजाम दिया गया है. पुलिस की टीमें फिलहाल आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही हैं और संदिग्धों की पहचान करने में जुटी हैं.