Dhanbad News : रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ऑपरेशन सतर्क के तहत धनबाद रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए लालकुआं एक्सप्रेस के जनरल कोच से 116.5 लीटर विदेशी बीयर बरामद की है। छह लावारिस बैगों से कुल 233 कैन बीयर जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 27,410 रुपये बताई गई है। बरामद शराब को आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग को सौंप दिया गया है।
यह कार्रवाई वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर निरीक्षक प्रभारी धनबाद के नेतृत्व में RPF पोस्ट धनबाद और सीआईबी की संयुक्त टीम ने की। गश्त के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर पहुंची गाड़ी संख्या 12353 लालकुआं एक्सप्रेस के जनरल कोच की तलाशी ली गई। इस दौरान दो ट्रॉली बैग और चार पिट्ठू बैग लावारिस हालत में मिले। आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी बैगों पर अपना दावा नहीं किया।
पश्चिम बंगाल बिक्री के लिए चिन्हित बीयर, जांच जारी
बैगों की तलाशी में 89 कैन Kingfisher Strong Premium Beer और 144 कैन Haywards 5000 Premium Strong Beer बरामद हुई। सभी कैनों पर "FOR SALE IN WEST BENGAL ONLY" अंकित था। बरामद बीयर की कुल मात्रा 116.5 लीटर है।
आरपीएफ ने जब्ती की कार्रवाई पूरी करने के बाद शराब को पोस्ट धनबाद लाया और उप निरीक्षक पालिका मिंज की लिखित शिकायत पर पूरा मामला उत्पाद विभाग, धनबाद को सौंप दिया। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस और उत्पाद विभाग यह पता लगाने में जुटे हैं कि लावारिस बैगों में रखी गई बीयर किसकी थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था।