Dhanbad: धनबाद जिले के कालूबथान ओपी क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी के मामलों की जांच के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक संगठित वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान चोरी की 13 मोटरसाइकिलें और वाहनों की चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण भी बरामद किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर निरसा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने गुप्त सूचना मिलने के बाद छापेमारी कर आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोरों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
चोरी के बाद बदल दी जाती थी पहचान
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरोह चोरी की गई बाइकों की पहचान मिटाने के लिए विशेष तरीका अपनाता था। आरोपी सबसे पहले वाहनों की नंबर प्लेट हटा देते थे, फिर चेसिस नंबर से छेड़छाड़ कर उसे मिटाने की कोशिश करते थे। इसके बाद बाइक का रंग बदलकर और उसमें बदलाव कर उसे दूसरे लोगों को बेच दिया जाता था। जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आए हैं। पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह लंबे समय से वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है और कई अन्य मामलों में भी इसकी भूमिका हो सकती है।
अन्य मामलों की भी जांच जारी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद मोटरसाइकिलें किन-किन क्षेत्रों से चोरी की गई थीं और गिरोह के अन्य सदस्य कहां सक्रिय हैं। अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।