Chatra News : अफीम तस्करी के खिलाफ चतरा पुलिस को एक और सफलता मिली है। सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊ साहेब के नेतृत्व में गठित गिद्धौर थाना पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए 709 ग्राम प्रतिबंधित अफीम के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही होंडा साइन मोटरसाइकिल और विभिन्न कंपनियों के दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
हाईवे के रास्ते दूसरे राज्य भेजी जानी थी अफीम की खेप
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी चतरा सदर थाना क्षेत्र के उंटा गांव के रहने वाले हैं। उनकी पहचान दयानंद कुमार और रामप्रवेश कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों अफीम की खेप लेकर चौपारण की ओर जा रहे थे। पुलिस को आशंका है कि हाईवे के रास्ते इस खेप को दूसरे राज्य में तस्करी के लिए भेजने की तैयारी थी।
सूचना के आधार पर गिद्धौर थाना क्षेत्र के बेल गाछ के समीप चतरा-इटखोरी मुख्य मार्ग पर वाहन जांच के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। छापेमारी दल में गिद्धौर के प्रखंड विकास पदाधिकारी राहुल देव, थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस ने गिद्धौर थाना में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
एसडीपीओ ने कहा कि लगातार कार्रवाई के बावजूद जिले में सक्रिय तस्कर नए-नए तरीकों से मादक पदार्थों की तस्करी का प्रयास कर रहे हैं। एसपी के निर्देश पर पुलिस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुटी है और इस अवैध कारोबार से जुड़े मुख्य तस्करों, सप्लायरों और कुरियरों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।