Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची में शुक्रवार को "लुक एट दैट–एडिशन 16, राखी एडिट" की शुरुआत हुई। महिला सशक्तिकरण, रचनात्मकता और स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
कल्पना सोरेन ने महिलाओं की प्रतिभा को बताया झारखंड की ताकत
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं विधायक कल्पना सोरेन ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि झारखंड की महिलाओं में प्रतिभा, रचनात्मक सोच और आगे बढ़ने की क्षमता भरपूर है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की यही ऊर्जा और उद्यमी भावना राज्य की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को अपने हुनर को पहचान दिलाने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी प्रदान करते हैं। स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों को बाजार मिलने से छोटे व्यवसायों को भी मजबूती मिलती है।
स्थानीय उत्पादों और स्टॉल्स ने खींचा लोगों का ध्यान
प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। यहां स्थानीय स्तर पर तैयार किए गए उत्पादों और रचनात्मक वस्तुओं को प्रदर्शित किया गया, जिन्हें देखने और खरीदारी करने के लिए आगंतुकों की अच्छी भागीदारी रही। कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने सभी प्रदर्शकों, आगंतुकों और आयोजन से जुड़े सदस्यों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस तरह के प्रयास आगे भी महिलाओं और स्थानीय कारोबारियों को प्रोत्साहित करते रहेंगे।