Chatra News : चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के टूटीलावा इलाके से छह ग्रामीणों के अपहरण मामले का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो वयस्क और तीन नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने अपहृत सभी छह ग्रामीणों को सकुशल बरामद कर लिया है। मामले की जानकारी सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहब ने प्रेस वार्ता में दी।
एमसीसी का नाम लेकर मांगी जा रही थी एक लाख रुपये की रंगदारी
पुलिस के अनुसार, 18 जून को हथियारबंद अपराधियों ने टूटीलावा इलाके से छह ग्रामीणों का अपहरण कर लिया था। इसके बाद उन्होंने खुद को प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन एमसीसी का सदस्य बताते हुए परिजनों से एक लाख रुपये की रंगदारी की मांग की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। तकनीकी अनुसंधान, गुप्त सूचना और स्थानीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एक आरोपी अब भी फरार, हथियार भी बरामद
गिरफ्तार आरोपियों में रमेश गंझू, सतीश कुमार गंझू और तीन नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं। हालांकि इस वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अपराधियों ने लोगों में भय पैदा कर अवैध वसूली करने के उद्देश्य से एमसीसी का नाम इस्तेमाल किया था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि उनका किसी उग्रवादी संगठन से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध है या नहीं। गिरफ्तार वयस्क आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जबकि नाबालिगों को बाल न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।