Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-12-15

Bihar News: बिहार बीजेपी को नया प्रदेश अध्यक्ष मिला, संजय सरावगी को सौंपी गई कमान

Bihar News: भारतीय जनता पार्टी ने बिहार में संगठन को नई दिशा देने के इरादे से बड़ा फैसला लिया है. दरभंगा शहर से विधायक संजय सरावगी को पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है. वे संजय जायसवाल की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे. इस बदलाव को संगठनात्मक मजबूती और आगामी राजनीतिक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है.

बीजेपी के प्रमुख वैश्य चेहरे के रूप है संजय सरावगी की पहचान
संजय सरावगी को बिहार बीजेपी के प्रमुख वैश्य चेहरे के रूप में जाना जाता है. फरवरी 2005 से वे लगातार दरभंगा शहरी सीट से विधायक चुने जाते रहे हैं. क्षेत्र में उनकी मजबूत राजनीतिक पकड़ मानी जाती है. पूर्व में वे एनडीए सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं, जिससे उन्हें प्रशासनिक और संगठनात्मक दोनों स्तरों पर अनुभव हासिल हुआ है.

इन बदलावों से संगठन में नई ऊर्जा मिलेगी
पार्टी के भीतर संजय सरावगी की पहचान वैश्य समाज के प्रभावशाली नेता के तौर पर रही है. ऐसे में उनका प्रदेश अध्यक्ष बनना सामाजिक संतुलन और चुनावी गणित के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है. यह फैसला ऐसे समय पर लिया गया है जब नितिन नबीन को बीजेपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है. माना जा रहा है कि इन बदलावों से संगठन में नई ऊर्जा और सक्रियता देखने को मिल सकती है.

 दस वर्षों तक ABVP अलग-अलग जिम्मेदारियां निभाई
संजय सरावगी का राजनीतिक सफर छात्र राजनीति से शुरू हुआ. उन्होंने करीब दस वर्षों तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में अलग अलग जिम्मेदारियां निभाईं. वर्ष 1999 में वे भाजयुमो के जिला मंत्री बने. इसके बाद 2001 में दरभंगा नगर मंडल भाजपा अध्यक्ष और 2003 में दरभंगा जिला भाजपा के महामंत्री रहे.

विधानसभा राजनीति में उन्होंने फरवरी 2005 में पहली बार जीत दर्ज की. इसके बाद नवंबर 2005, 2010, 2015 और 2020 के चुनावों में भी उन्होंने अपनी सीट बरकरार रखी. इस तरह वे 2005 से 2025 तक लगातार छह बार दरभंगा सदर विधानसभा से विधायक चुने गए. फरवरी 2025 में वे बिहार सरकार में राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री भी रहे. इसके अलावा वे बिहार प्रदेश भाजपा गौवंश प्रकोष्ठ के संयोजक, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और कई जिलों में संगठन चुनाव प्रभारी और सदस्यता प्रभारी की भूमिका भी निभा चुके हैं.

नए समीकरण साधने की कोशिश
बिहार बीजेपी में प्रदेश अध्यक्ष का यह बदलाव केवल नेतृत्व परिवर्तन नहीं माना जा रहा है. संजय सरावगी के लंबे संगठनात्मक अनुभव और सामाजिक पहचान को देखते हुए पार्टी आगामी चुनावों से पहले संगठन को मजबूत करने और नए समीकरण साधने की कोशिश में दिख रही है. यह फैसला कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ाने और जमीनी स्तर पर पार्टी को और सक्रिय करने की दिशा में अहम कदम माना जा सकता है.
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !