Bihar Breaking: पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र स्थित खान ग्लोबल एकेडमी के बाहर हुई फायरिंग के मामले में नया मोड़ आ गया है. पुलिस ने दर्ज प्राथमिकी में खान सर उर्फ फैजल खान को नामजद आरोपी बनाया है. इसके अलावा उनके दो निजी सुरक्षा गार्डों और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो और तस्वीरों की जांच के बाद यह कार्रवाई की गई. वीडियो में दो युवक राइफल से फायरिंग करते दिखाई दे रहे थे. जांच के दौरान स्थानीय लोगों ने दोनों की पहचान खान सर के निजी सुरक्षा गार्ड के रूप में की.
सुरक्षा गार्डों पर भी कार्रवाई, हथियार जब्त
पुलिस ने मामले में दोनों सुरक्षा गार्डों को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में गार्ड प्रदीप कुमार और तालेबर सिंह ने दावा किया कि उन्होंने खान सर के निर्देश पर भीड़ की ओर गोली चलाई थी.
पुलिस के मुताबिक दोनों गार्डों ने अपनी लाइसेंसी .315 बोर की राइफल से दो-दो राउंड फायरिंग की थी. दोनों हथियारों को जब्त कर लिया गया है और दोनों गार्डों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई थी फायरिंग
जांच में सामने आया है कि 2 जून की रात खान ग्लोबल एकेडमी के बाहर कुछ लोग विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे थे. आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने एक सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट की और परिसर के बाहर लगे बैनर को नुकसान पहुंचाया.
इसके बाद स्थिति बिगड़ने पर फायरिंग की बात सामने आई. पुलिस अब वायरल वीडियो, गार्डों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.
मामले में भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फायरिंग की वजह, इसमें शामिल लोगों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है.