Current News : नई दिल्ली: मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 को लेकर बड़ा फैसला लेते हुए केंद्र सरकार ने परीक्षा रद्द कर दी है। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित यह परीक्षा 3 मई को हुई थी। पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोप सामने आने के बाद सरकार ने मामले की जांच CBI को सौंप दी है।
राजस्थान से शुरू हुई जांच, कई राज्यों तक पहुंची जांच एजेंसियां
जानकारी के अनुसार राजस्थान में कथित पेपर लीक और ‘गेस पेपर’ के वायरल होने के बाद जांच शुरू हुई। राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (RSOG) की जांच में कई सवाल असली प्रश्नपत्र से मिलते-जुलते पाए गए। इसके बाद केंद्र सरकार ने पूरे मामले को गंभीर मानते हुए CBI जांच के आदेश दिए।
बताया जा रहा है कि जांच एजेंसियों को विभिन्न राज्यों में परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र से जुड़े दस्तावेज और डिजिटल सामग्री मिलने के इनपुट मिले थे। मामले में संगठित नेटवर्क की भी आशंका जताई जा रही है।
दोबारा होगी परीक्षा, नई तारीख जल्द घोषित होगी
NTA ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा है कि परीक्षा की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए NEET-UG 2026 को रद्द किया गया है। अब परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी और नई तारीखों की घोषणा जल्द की जाएगी।
इस साल देशभर और विदेशों में आयोजित इस परीक्षा में करीब 22 लाख से अधिक छात्र शामिल हुए थे। परीक्षा रद्द होने के बाद छात्रों और अभिभावकों के बीच चिंता और असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
विपक्ष ने उठाए सवाल, परीक्षा प्रणाली पर फिर बहस तेज
पेपर लीक विवाद सामने आने के बाद विपक्षी नेताओं ने केंद्र सरकार और NTA की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग की है।
गौरतलब है कि वर्ष 2024 में भी NEET परीक्षा को लेकर पेपर लीक और अनियमितताओं का मामला सामने आया था, जिसकी जांच बाद में CBI को सौंपी गई थी।