Ranchi Crime News: राजधानी रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध पहाड़ी मंदिर की घेराबंदी को लेकर दो पक्षों के बीच भीषण विवाद हो गया. जानकारी के अनुसार, मंदिर परिसर के चारों ओर बाउंड्री वॉल के निर्माण का कार्य चल रहा था. इसी दौरान निर्माण से जुड़ी किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते खूनी झड़प में बदल गई. इस हिंसक झड़प के दौरान एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा.
राहुल तिवारी नामक युवक गंभीर रूप से घायल
इस हमले में घायल युवक की पहचान राहुल तिवारी के रूप में हुई है. हमला इतना जबरदस्त था कि राहुल को गंभीर चोटें आई हैं. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं. घटना के बाद से ही मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त है.
अजय तिर्की और उनके समर्थकों पर हमले का आरोप
सुखदेव नगर थाना पुलिस के मुताबिक, पीड़ित पक्ष ने अजय तिर्की और उनके समर्थकों पर मारपीट और जानलेवा हमले का आरोप लगाया है. पुलिस को दी गई शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने अचानक हमला कर दिया और युवक को संभलने का मौका तक नहीं दिया. पुलिस अब इस मामले में नामजद आरोपियों की संलिप्तता की जांच कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की तैयारी में है.