Jamshedpur: बोड़ाम थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पशु चोरी का एक गंभीर घटना सामने आया है। थाना परिसर से लगभग आधा किलोमीटर की दूरी पर स्थित बोड़ाम काली मंदिर के पास साधु महतो के गोहाल को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने चार मवेशियों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए पशुओं में दो दुधारू गाय और दो बछड़े शामिल हैं। बताया जा रहा है कि यह घटना रात करीब एक बजे के बाद की है।
घटना के वक्त साधु महतो सहित उनके परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में थे। इसी दौरान चोर चुपचाप गोहाल में घुसे, मवेशियों को बांधने वाली रस्सियों को काटा और बिना किसी शोर-शराबे के सभी पशुओं को लेकर फरार हो गए। चोरों ने इतनी चालाकी से इस घटना को अंजाम दिया कि आसपास के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी।
मवेशियों को गायब देख हुए सन्न
सुबह जब साधु महतो गोहाल पहुंचे तो वहां मवेशियों को गायब देख वह सन्न रह गए। इसके बाद उन्होंने आस-पास के ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। थोड़ी ही देर में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और घटना को लेकर चर्चा शुरू हो गई। पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया है।
पुलिस घटना स्थल पर पहुंची
सूचना मिलने पर बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। उन्होंने गोहाल और आसपास के क्षेत्र का मुआयना किया तथा ग्रामीणों से आवश्यक जानकारी ली। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
लगभग एक लाख रुपये के नुकसान का अनुमान
इस चोरी की घटना से पीड़ित पशुपालक को लगभग एक लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। ग्रामीणों ने थाना के इतने नजदीक इस तरह की वारदात होने पर पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लोगों ने रात में गश्त बढ़ाने और मवेशी चोर गिरोह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है, वहीं क्षेत्र के पशुपालक अपने पशुओं की सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित नजर आ रहे हैं।