Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-01-02

Ranchi News: रांची जिले में 6 से 10 जनवरी तक सभी प्रखंडों में लगेगा स्वास्थ्य मेला, एक मंच पर मिलेंगी मुफ्त जांच और उपचार सेवाएं

Ranchi: राज्य सरकार द्वारा आम नागरिकों को एक ही मंच पर सुलभ, समग्र और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 6 जनवरी से 10 जनवरी 2026 तक जिले के सभी प्रखंडों में प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन के दौरान जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर तक स्वास्थ्य विभाग की पूरी व्यवस्था सक्रिय रूप से कार्य करेगी।

यह स्वास्थ्य मेला जिले के सभी 14 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और 4 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) में लगाया जाएगा। मेले के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, गैर-संचारी रोग, संक्रामक बीमारियां, पोषण, कुष्ठ, मलेरिया, फाइलेरिया, परिवार नियोजन, आयुष सहित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी।

मेले में ओपीडी परामर्श, रोगों की जांच, मुफ्त दवाओं का वितरण, टीकाकरण, रेफरल सेवाएं तथा स्वास्थ्य से जुड़ी जागरूकता गतिविधियां संचालित होंगी। इसके अलावा एनसीडी स्क्रीनिंग, टीबी, मलेरिया एवं कुष्ठ रोग की जांच, नेत्र एवं दंत परीक्षण, गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच, बच्चों का नियमित टीकाकरण, पोषण परामर्श और परिवार नियोजन से संबंधित सेवाएं भी प्रदान की जाएंगी।

स्वास्थ्य विभाग ने मेले के सुचारू संचालन के लिए जिला स्वास्थ्य समिति, प्रखंड स्वास्थ्य समिति, जनप्रतिनिधियों, सहिया, एएनएम, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका तथा अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की है।

रांची जिले के विभिन्न प्रखंडों में निर्धारित तिथियों के अनुसार स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जाएगा। नगड़ी प्रखंड में 6 जनवरी को पीएचसी नगड़ी परिसर में मेला लगेगा। इटकी एवं राहे प्रखंड में 7 जनवरी को पीएचसी परिसर में आयोजन होगा। वहीं बेरो और सिल्ली प्रखंड में 8 जनवरी को सीएचसी परिसर में स्वास्थ्य मेला आयोजित किया जाएगा।

इसके बाद 9 जनवरी को बुंडू, बुढ़मू, चान्हो, कांके, लापुंग, मांडर, नामकुम, ओरमांझी, रातू, सोनाहातू और तमाड़-1 प्रखंडों में संबंधित सीएचसी या निर्धारित स्थल पर मेले का आयोजन किया जाएगा।

अनगड़ा एवं खलारी प्रखंड में 10 जनवरी को क्रमशः सीएचसी अनगड़ा और पीएचसी खलारी में स्वास्थ्य मेला लगाया जाएगा। इस अवसर पर विधायक, प्रमुख, मुखिया, बीडीओ सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति भी प्रस्तावित है।

सिविल सर्जन रांची डॉ. प्रभात कुमार ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में स्वास्थ्य मेले में पहुंचकर नि:शुल्क जांच एवं उपचार सुविधाओं का लाभ उठाएं। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि यह पहल ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों तक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने तथा स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !