Jharkhand News: साहिबगंज जिले के बरहरवा-बरहेट मुख्य मार्ग पर रांगा के पास भीषण सड़क दुर्घटना हो गई. टेम्पू और टैंकर की आमने सामने की टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में चार की हालत नाजुक बताई जा रही है.
हादसे की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल हस्तक्षेप किया. उन्होंने सिविल सर्जन साहिबगंज को निर्देश दिया कि सभी घायलों को तुरंत रांगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराकर बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जाए.
घटना के बाद बरहेट-बरहरवा और रांगा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने हालात को संभालते हुए सड़क पर जुटे आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया और यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया. स्वास्थ्य मंत्री डॉ अंसारी ने हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है.
सड़क सुरक्षा और यातायात नियंत्रण को लेकर ठोस कदम उठाने की जरूरत
यह हादसा एक बार फिर व्यस्त मुख्य मार्गों पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की आवाजाही से जुड़े खतरे को उजागर करता है. समय पर प्रशासनिक और स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता से घायलों को राहत मिली है लेकिन ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सड़क सुरक्षा और यातायात नियंत्रण को लेकर ठोस कदम उठाने की जरूरत साफ दिखाई देती है.