Jharkhand High Court: झारखंड हाईकोर्ट को नया मुख्य न्यायाधीश मिल गया है. मुंबई हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस एम एस सोनक को झारखंड हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस नियुक्त किए जाने की अधिसूचना जारी कर दी गई है. शुक्रवार को केंद्रीय कानून मंत्रालय ने राष्ट्रपति की स्वीकृति के बाद इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी की.
8 जनवरी को समाप्त हो रहा तरलोक सिंह चौहान का कार्यकाल
मौजूदा चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान का कार्यकाल 8 जनवरी को समाप्त हो रहा है. उनके सेवानिवृत्त होने के बाद झारखंड हाईकोर्ट में नेतृत्व की जिम्मेदारी जस्टिस एम एस सोनक संभालेंगे. न्यायिक सूत्रों के अनुसार संभावना जताई जा रही है कि आठ जनवरी को शपथ ग्रहण के बाद जस्टिस सोनक औपचारिक रूप से चीफ जस्टिस का पदभार ग्रहण करेंगे.
चीफ जस्टिस की नियुक्ति से न्यायिक कार्यों की निरंतरता बनी रहेगी
झारखंड हाईकोर्ट में नए चीफ जस्टिस की नियुक्ति से न्यायिक कार्यों की निरंतरता बनी रहेगी. मौजूदा मुख्य न्यायाधीश के सेवानिवृत्त होने से पहले उत्तराधिकारी की घोषणा होने से प्रशासनिक और न्यायिक व्यवस्था में किसी तरह के खालीपन की स्थिति नहीं बनेगी. इससे हाईकोर्ट के कामकाज को स्थिरता मिलने की उम्मीद है.