Mango: मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने सभी वार्डों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में सामान्य वर्ग, पिछड़ा वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जनजाति एवं महिला वर्ग के लिए आरक्षण की व्यवस्था निर्धारित की गई है। यह कदम सामाजिक संतुलन और प्रतिनिधित्व की दृष्टि से सराहनीय माना जा रहा है।
हालांकि, वर्तमान व्यवस्था को लेकर कुछ गंभीर व्यावहारिक समस्याएं भी सामने आ रही हैं। आरक्षित वर्ग से आने वाले कई संभावित जनप्रतिनिधियों को अब तक जाति प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं हो सका है। इसके कारण वे अपने ही आरक्षित वार्ड से चुनाव लड़ने में असमर्थ हो रहे हैं। यह स्थिति न केवल योग्य अभ्यर्थियों के अधिकारों का हनन है, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भी बाधा उत्पन्न कर रही है।
अड़चन के चुनावी प्रक्रिया में भाग ले सकें
स्थानीय लोगों एवं संभावित प्रत्याशियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में त्वरित कार्रवाई की जाए, ताकि पात्र उम्मीदवारों को शीघ्र जाति प्रमाण पत्र जारी हो सके और वे बिना किसी अड़चन के चुनावी प्रक्रिया में भाग ले सकें।
दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है
इधर, मानगो क्षेत्र में चल रही यातायात जांच भी आम जनता के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। वर्तमान में मानगो चौक से लेकर डिमना चौक तक कई स्थानों पर यातायात पुलिस द्वारा लगातार वाहन जांच की जा रही है। जगह-जगह जांच के कारण लंबा जाम लग रहा है, जिससे दैनिक यात्रियों, कामकाजी लोगों और स्कूली बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
यातायात का दबाव कम होगा और जनता को राहत मिलेगी
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यातायात जांच आवश्यक है, लेकिन इसकी संख्या और स्थानों की पुनः समीक्षा की जानी चाहिए। लोगों ने सुझाव दिया है कि कुछ जांच बिंदुओं को न्यू पुरुलिया रोड और ओल्ड पुरुलिया रोड की ओर स्थानांतरित किया जाए, जहां फिलहाल केवल एक-एक स्थान पर ही जांच होती है। इससे मानगो मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव कम होगा और जनता को राहत मिलेगी।
अनावश्यक परेशानियों से निजात मिल सके
कुल मिलाकर, मानगो नगर निगम चुनाव और यातायात व्यवस्था दोनों ही मुद्दों पर प्रशासन से संवेदनशीलता और त्वरित निर्णय की अपेक्षा की जा रही है, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया सुचारू रूप से चले और आम लोगों को अनावश्यक परेशानियों से निजात मिल सके।