Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां स्थित शहीद पार्क में गुरुवार को खरसावां गोलीकांड की 78वीं शहादत दिवस पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने शहीद स्मारक (शहीद बेदी) और वीर शहीद केरसे मुंडा चौक स्थित शहीद स्मृति-चिह्न पर श्रद्धांजलि अर्पित कर अमर वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी.
शहीदों के वंशजों को सम्मानित करने हेतु विशेष आयोग का होगा गठन
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि खरसावां के वीर शहीदों के वंशजों की पहचान कर उन्हें सम्मानित करने के लिए एक विशेष आयोग का गठन किया जाएगा. इस आयोग में रिटायर्ड जज, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को शामिल किया जाएगा. यह आयोग सभी दस्तावेजों, ऐतिहासिक अभिलेखों और स्थानीय परंपराओं के आधार पर शहीद परिवारों की पहचान करेगा और उन्हें उचित सम्मान, मान्यता और आर्थिक सहायता सुनिश्चित करेगा.
आदिवासियों की अस्मिता के रक्षक, हमारे पथप्रदर्शक बाबा शिबू सोरेन को विनम्र नमन
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड आंदोलन के दिशा-निर्देशक, हमारे बाबा, हमारे पथप्रदर्शक गुरुजी शिबू सोरेन नहीं हैं. उन्होंने झारखंड की राजनीति में मानवीयता, सरलता और संघर्षशीलता की मिसाल कायम की. गुरुजी केवल एक व्यक्ति नहीं, एक विचारधारा हैं, जो न्याय, समानता और आत्मसम्मान की राह दिखाती है.
पेसा कानून से सशक्त होगा ग्राम स्वराज
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार ने झारखंड में पेसा कानून को लागू कर दिया है, जिससे अब ग्रामसभा और ग्राम पंचायतों के माध्यम से ग्रामीणों को उनके अधिकार प्राप्त होंगे. यह कानून हमारे जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा का आधार है. इसके माध्यम से ग्रामीण अपने संसाधनों पर स्वयं निर्णय ले सकेंगे और स्वशासन की भावना सशक्त होगी.
झारखंड का 25वां वर्ष, नए विकास और सशक्तिकरण का प्रतीक
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड राज्य को बने 25 वर्ष पूरे हो चुके हैं और अब यह युवा झारखंड विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा, “हमारा संकल्प है कि आने वाले वर्षों में झारखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल किया जाए. ”मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है, क्योंकि “एक शिक्षित पीढ़ी ही मजबूत राज्य की नींव होती है.”
इस अवसर पर मंत्री दीपक बिरुवा, सांसद मती जोबा मांझी, विधायक दशरथ गगराई, विधायक सुखराम उरांव, विधायक समीर मोहंती, विधायक मती सविता महतो, विधायक जगत मांझी एवं पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे. कार्यक्रम में जिला के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, सभी विभागों के पदाधिकारी तथा हजारों की संख्या में स्थानीय लोगों ने उपस्थित होकर शहीदों को नमन किया.