Ranchi: रांची के पुंदाग ओपी क्षेत्र के लाजपत नगर में उस समय सनसनी फैल गई, जब ड्रीम टॉवर के समीप निर्माणाधीन एक बहुमंजिला अपार्टमेंट परिसर से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया।
ठेकेदार ने स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोज की तरह सुबह जब मजदूर काम पर पहुंचे और निर्माण स्थल के अंदर गए, तो वहां एक व्यक्ति का शव पड़ा देख वे हक्का-बक्का रह गए। शव को देखते ही मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने तुरंत इसकी सूचना ठेकेदार को दी। इसके बाद ठेकेदार ने स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी।
पुलिस मौके पर पहुंची
सूचना मिलते ही पुंदाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए रांची के रिम्स अस्पताल भेज दिया है।
मृतक की नहीं हुई पहचान
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मृत व्यक्ति कौन है और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मौत दुर्घटना है, आत्महत्या या फिर किसी आपराधिक घटना का परिणाम।
पुलिस की जांच जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं, इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।