Jharkhand News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित रांची दौरे को लेकर राजधानी में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. 28 से 30 दिसंबर तक होने वाले इस दौरे के दौरान शहर की सड़कों पर सामान्य आवाजाही प्रभावित रहेगी. राष्ट्रपति के कार्यक्रमों को निर्बाध रूप से संपन्न कराने और सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने कई इलाकों में वाहनों के प्रवेश पर अस्थायी रोक लगाने का फैसला किया है.
राष्ट्रपति दौरे को लेकर ट्रैफिक पुलिस का आदेश
रांची ट्रैफिक पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया है. आदेश के अनुसार तीन दिनों तक अलग अलग समय पर राजधानी के प्रमुख मार्गों और चौक चौराहों पर यातायात नियंत्रण लागू रहेगा. जरूरत के अनुसार कुछ रूट पर डायवर्जन भी किया जाएगा ताकि सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक न हो.
28 दिसंबर को शाम के समय रहेगी पाबंदी
28 दिसंबर को शाम चार बजे से रात आठ बजकर तीस मिनट तक शहर में सभी छोटे बड़े मालवाहक वाहन बस और सवारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. भारी मालवाहक वाहन केवल रिंग रोड का उपयोग कर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे. रातू और काठीटांड की ओर जाने वाले वाहनों को कांके रिंग रोड से भेजा जाएगा. हिनू चौक बिरसा चौक एचईसी गेट अरगोड़ा चौक सहजानंद चौक किशोरगंज चौक न्यू मार्केट चौक हॉटलिप्स चौक राम मंदिर चौक एटीआई मोड़ रणधीर वर्मा चौक एसएसपी आवास और लोक भवन मार्ग पर दोपहर दो बजे से रात 8 बजकर 30 मिनट तक सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन बंद रहेगा.
29 दिसंबर को दो अलग समय में नियंत्रण
29 दिसंबर को सुबह सात बजे से 11 बजे तक और फिर शाम 4 बजे से रात 8 बजकर 30 मिनट तक यातायात पर रोक रहेगी. नया सराय रिंग रोड से रामपुर चौक रिंग रोड तक बड़े वाहनों और बसों का परिचालन नहीं होगा. जमशेदपुर और बुंडू की ओर से आने वाले वाहनों को टाटीसिल्वे के रास्ते शहर में प्रवेश करना होगा. खरसीदाग ओपी से सदाबहार चौक के बीच भी बड़े वाहनों और बसों की आवाजाही पर प्रतिबंध लागू रहेगा.
30 दिसंबर को दिन भर सख्त व्यवस्था
30 दिसंबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक शहर में सभी छोटे बड़े मालवाहक वाहन बस और सवारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी. इस दौरान भारी वाहनों को केवल रिंग रोड से गुजरने की अनुमति दी जाएगी. हिनू चौक से लेकर लोक भवन तक के सभी प्रमुख चौक पूरी तरह बंद रहेंगे.
आपात सेवाओं को पूरी छूट
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एंबुलेंस दमकल और अन्य आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को इन प्रतिबंधों से पूरी तरह मुक्त रखा जाएगा. किसी भी स्थिति में आपात सेवाओं की आवाजाही बाधित नहीं होगी.
आम लोगों से प्रशासन की अपील
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक व्यवस्था और रूट डायवर्जन की जानकारी अवश्य लें. अनावश्यक यात्रा से बचें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन कर सहयोग करें ताकि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान व्यवस्था सुचारु बनी रहे.
राष्ट्रपति के रांची दौरे को लेकर लागू की गई यह ट्रैफिक व्यवस्था प्रशासन की सुरक्षा प्राथमिकताओं को दर्शाती है. हालांकि इससे आम लोगों को कुछ असुविधा हो सकती है लेकिन वीवीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा के लिहाज से इसे जरूरी माना जा रहा है. समय रहते जानकारी मिलने से नागरिक वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर परेशानी कम कर सकते हैं.