Jamshedpur: सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने जुगसलाई निवासी प्रवीन गोयल के आवास में हुई चोरी की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी तथा चोरी किए गए आभूषणों की सफल बरामदगी के लिए जिला पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। चैम्बर ने वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय, सिटी एसपी शिवाशीष कुमार, जुगसलाई एवं सोनारी थाना प्रभारियों सहित पूरी पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि उनकी तत्परता, सूझबूझ और आपसी समन्वय के कारण जुगसलाई एवं सोनारी क्षेत्र में हुई दोनों चोरी की घटनाओं का समय रहते सफल उद्भेदन संभव हो सका।
चैम्बर ने कहा कि जिला पुलिस की यह सराहनीय कार्रवाई कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उदाहरण है, जिसकी जितनी प्रशंसा की जाए, वह कम है। इस कार्रवाई से आम नागरिकों और व्यापारियों के बीच सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।
सिंहभूम चैम्बर का मानना है कि यदि आवासीय क्षेत्रों, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में रणनीतिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, तो चोरी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों को काफी हद तक रोका जा सकता है। सीसीटीवी कैमरे न केवल अपराधियों में भय पैदा करते हैं, बल्कि किसी भी घटना के बाद अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में भी अहम भूमिका निभाते हैं, जैसा कि इस मामले में स्पष्ट रूप से देखने को मिला है।
चैम्बर ने सभी व्यापारियों एवं शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने-अपने परिसरों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाएं और पुलिस प्रशासन के साथ सहयोग बनाए रखें, ताकि शहर को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और अपराध-मुक्त बनाया जा सके।