जमशेदपुर: पोटका थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर चौकीदार युवती ज्योतिका हेंब्रम की धारदार हथियार से हत्या करने के बाद उसके प्रेमी गणेश माझी ने आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले गणेश ने अपने मोबाइल फोन पर एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें उसने गंभीर आरोप लगाए हैं।
वीडियो में गणेश ने दावा किया कि उसे 14 दिसंबर को यह जानकारी मिली थी कि उसकी प्रेमिका ज्योतिका हेंब्रम का पोटका थाना प्रभारी मनोज मुर्मू के साथ अवैध संबंध है। इसी कारण उसने ज्योतिका की हत्या की और अब वह स्वयं भी आत्महत्या करने जा रहा है। हालांकि, थाना प्रभारी मनोज मुर्मू ने इन आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है।
ज्योतिका शादी नहीं करना चाहती थी
थाना प्रभारी के अनुसार, करीब डेढ़ माह पहले थाने में दोनों पक्षों के बीच एक बैठक हुई थी, जिसमें यह स्पष्ट हो गया था कि ज्योतिका गणेश से शादी नहीं करना चाहती थी। इसके बावजूद गणेश उस पर लगातार शादी करने और अपने घर में रहने का दबाव बना रहा था।
छह माह पहले ही लगी थी नौकरी
ज्योतिका हेंब्रम की नौकरी करीब छह माह पहले ही लगी थी। वह वर्तमान में पीजी की पढ़ाई कर रही थी। मंगलवार को वह प्रखंड कार्यालय में ड्यूटी करने के बाद दोपहर करीब 12:30 बजे स्कूटी से घर लौटने के लिए पोटका थाना के पास से निकली थी, तभी यह घटना हुई।
हत्या के बाद घर पर की आत्महत्या
पुलिस को पहले ज्योतिका की हत्या की सूचना मिली थी, लेकिन गणेश माझी द्वारा आत्महत्या किए जाने की जानकारी कई घंटों बाद मिली। उसने अपने घर पर फांसी लगाकर जान दे दी थी।
दोनों पक्षों से दर्ज हो सकता है मामला
पुलिस का कहना है कि इस मामले में लड़की और लड़के दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई जा सकती है। जैसा आवेदन प्राप्त होगा, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।