Jamshedpur: जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले जाने का आरोप सामने आया है। पीड़िता के परिवार ने शिकायत दर्ज कराते हुए हीराचुन्नी निवासी युवक भोकलू धीवर उर्फ सूरज धीवर समेत चार लोगों के खिलाफ आरोप लगाया है। शिकायत में भोकलू के पिता बम धीवर, मां दुटन धीवर और भाई बोरल धीवर का भी नाम शामिल है।
मामला कब का है जानें
घटना 4 दिसंबर की बताई जा रही है, लेकिन पीड़िता के परिजनों ने 11 दिसंबर को गोविंदपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई। परिजनों का कहना है कि नाबालिग को आरोपी पहले से जानता था और मौके का फायदा उठाकर उसे शादी का लालच देकर अपने साथ ले गया। जब लड़की घर नहीं लौटी और खोजबीन में भी उसका कोई पता नहीं चला, तब उन्होंने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के बाद तत्काल कार्रवाई शुरू
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। तकनीकी जांच के तहत आरोपियों के मोबाइल नंबरों और लोकेशन की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी सर्विलांस के माध्यम से यह पता लगाया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी किस दिशा में गए है और वर्तमान में कहां हैं।
पुलिस का आश्वासन
गोविंदपुर थाना प्रभारी ने बताया कि मामला संवेदनशील होने के कारण इसे प्राथमिकता के आधार पर देखा जा रहा है। पुलिस की टीम लगातार प्रयास कर रही है और उम्मीद जताई जा रही है कि नाबालिग लड़की जल्द ही सुरक्षित बरामद कर ली जाएगी।
पुलिस छापेमारी कर रही है
साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द होने की संभावना है। उन्होंने यह भी कहा कि आरोपी आमतौर पर अपने परिचित या रिश्तेदारों के घर शरण लेते हैं, इसलिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। उन्होंने परिवार को आश्वस्त किया कि पूरे मामले की जांच शीघ्र पूरी की जाएगी.