Jamshedpur: जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बागुननगर बी ब्लॉक, निर्मल रोड में रहने वाले एक व्यक्ति ने गुरुवार देर रात आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 54 वर्षीय प्रभाकर राव के रूप में की गई है। घटना का खुलासा शुक्रवार सुबह उस समय हुआ, जब रोज की तरह उनकी पत्नी उन्हें उठाने गई।
घटना की जानकारी कैसे मिली
काफी देर तक पत्नी के आवाज देने के बाद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो उन्होंने अंदर देखा जहां प्रभाकर राव (54) फंदे से लटके दिखे हैं. जिसके बाद घबराई गई। घबराई हुई पत्नी ने तुरंत पड़ोसियों को बुलाया और इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस दल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया।
नौकरी चले जाने से थे परेशान
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि प्रभाकर राव पहले एक निजी कंपनी में कार्यरत थे, लेकिन कुछ समय पहले उनकी नौकरी चली गई थी। इसके बाद से वह गहरे मानसिक तनाव और अवसाद में रहने लगे थे। परिजनों का कहना है कि नौकरी जाने के बाद से वह कम बोलते थे और अक्सर चिंतित रहते थे।
परिजन गहरे सदमे में
मृतक के परिवार में पत्नी और एक बच्चा शामिल है। अचानक हुई इस घटना से परिवार गहरे सदमे में हैं। पड़ोसियों का कहना है कि प्रभाकर राव शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और उन्हें कभी अंदाज़ा नहीं था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेंगे।
पुलिस की जांच जारी
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच अभी भी जारी है।