Jamshedpur: प्लास्टिक प्रतिबंध को लेकर सोमवार को मानगो नगर निगम की टीम आजादनगर थाना क्षेत्र स्थित ओल्ड पुरुलिया रोड की गरीब कॉलोनी पहुंची। टीम दुकानों में प्लास्टिक उपयोग की जांच कर ही रही थी कि स्थानीय दुकानदार और लोग विरोध में उतर आए।
नगर निगम की जांच शुरू होते ही दुकानदारों में जब्ती की आशंका बढ़ गई और कई लोगों ने टीम को कार्रवाई रोकने की मांग करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। विरोध बढ़ता देख निगम टीम को बीच में ही जांच रोककर लौटना पड़ा। वहां की स्थिति को देखते हुए बाद में एहतियातन पुलिस बल भी तैनात किया गया।
दुकानदारों का आरोप है कि प्लास्टिक प्रतिबंध पर न तो उन्हें कोई जानकारी दी गई और न ही जागरूकता अभियान चलाया गया। उनका कहना है कि छोटे कारोबारियों के लिए प्लास्टिक पैकिंग का सबसे सस्ता और आसान साधन है। “बिना तैयारी और विकल्प दिए कार्रवाई कैसे?” हो सकती है लोगों ने यह सवाल उठाया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। जहां कुछ लोग नगर निगम की कार्रवाई को सही बता रहे हैं, वहीं कई लोग बिना संवाद और पूर्व सूचना के ऐसे अभियान चलाने पर सवाल उठा रहे हैं।
यह घटना एक बार फिर यह संदेश देती है कि किसी भी सरकारी प्रतिबंध को सफल बनाने के लिए जनता को भरोसे में लेना और जागरूक करना बहुत जरूरी है। संवाद के बिना नियम लागू करना जमीनी स्तर पर विरोध को जन्म दे सकता है।