Jamshedpur Big News: बागबेड़ा थाना अंतर्गत सिद्धू कानू मैदान के पास स्थित आवासीय इलाके में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 13 वर्षीय नवनीत कुमार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक संत संजीवियर्स स्कूल में कक्षा 4 का छात्र था. परिवार और मोहल्ले में इस घटना से शोक और सन्नाटा फैल गया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवनीत कुमार शनिवार की दोपहर 1 बजे स्कूल से घर लौटा था. वह सामान्य दिनों की तरह सीधा अपने कमरे में चला गया. घर के अन्य सदस्य अपने-अपने काम में व्यस्त थे, जबकि उसकी छोटी बहन घर के बाहर खेल रही थी. कुछ देर बाद जब वह अंदर आई, तो उसने देखा कि नवनीत अपने कमरे में रस्सी के सहारे पंखे से लटका हुआ है. घबराहट में उसने तुरंत बाहर जाकर अपने पिता को घटना की जानकारी दी.
सूचना मिलने पर नवनीत के पिता घर पहुंचे और कमरे में प्रवेश किया. अंदर का नजारा देखकर वे सन्न रह गए. उन्होंने तुरंत अपने बेटे को फंदे से उतारा और आनन-फानन में इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) लेकर पहुंचे. अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद नवनीत को मृत घोषित कर दिया.
अस्पताल प्रबंधन द्वारा बागबेड़ा थाना पुलिस को मामले की सूचना दी गई. सूचना पाकर पुलिस टीम टीएमएच पहुंची और प्रारंभिक जांच के बाद शव को अपने कब्जे में ले लिया. आवश्यक पंचनामा तैयार करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है कि आखिर ऐसी क्या परिस्थिति पैदा हुई कि एक 13 वर्षीय छात्र ने यह चरम कदम उठा लिया. घरवालों के अनुसार, नवनीत पढ़ाई में सामान्य था और पिछले कुछ दिनों से किसी तरह की परेशानी या तनाव के संकेत भी नहीं दिखे थे. फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है, जिसमें बच्चे की दिनचर्या, दोस्तों और हालिया गतिविधियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है.
घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है. परिजन पूरी तरह से सदमे में हैं और अपने मासूम बेटे की अचानक हुई मौत से टूट चुके हैं. पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा.