Jamshedpur Kadma crime news : कदमा थाना क्षेत्र के मो. तौकीर उर्फ गोरा हत्याकांड में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए दो और आरोपियों, शादाब और शुभम को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उनके पास से एक पिस्तौल भी बरामद की है। इसके साथ ही मुख्य आरोपी विजय पांडेय की तलाश में छापेमारी लगातार जारी है।
जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी शादाब, जो कि एक राजनीतिक दल के नेता का बेटा है, ने पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा किया है। उसने बताया कि घटना से कुछ दिन पहले वह अपने पिता आफताब बिल्ली के साथ बाइक से गुजर रहा था। उसके गोद में मात्र एक माह का बच्चा था। उसी दौरान आजादबस्ती में गोरा ने उन पर पांच राउंड फायरिंग की, जिसमें वे बाल बाल बच गए। उसी दिन से दोनों पक्षों में तनाव बढ़ गया था।
गौरतलब है कि 20 नवंबर की रात कदमा के शास्त्रीनगर ब्लॉक 2 में कार सवार अपराधियों ने मो. तौकीर उर्फ गोरा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद गोरा के पिता मो. रियाज ने कदमा थाना में विजय पांडेय, शादाब खान उर्फ बिल्ली और मसूद इकबाल उर्फ अयान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
पुलिस अब फरार आरोपी विजय पांडेय की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। वहीं गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में पुलिस को हत्याकांड से जुड़ी कई अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद है।