Bihar Congress Breaking: बिहार विधानसभा उपचुनाव को लेकर महागठबंधन में सीट बंटवारे पर सहमति अभी तक नहीं बन सकी है. राजद, कांग्रेस और अन्य सहयोगी दलों के बीच बातचीत जारी है, लेकिन खींचतान खत्म नहीं हुई. इसके बावजूद कांग्रेस ने पहले चरण के नामांकन की समयसीमा को देखते हुए कुछ उम्मीदवारों को बिना आधिकारिक सूची जारी किए ही सिंबल देना शुरू कर दिया है.
सूत्रों के अनुसार, अब तक जिन उम्मीदवारों को सिंबल दिया गया है, उनमें सुल्तानगंज से ललन कुमार, बांकीपुर से रोहित सिन्हा, चनपटिया से अभिषेक रंजन, बरबीघा से त्रिशूल धारी सिंह, नालंदा से कौशलेंद्र कुमार उर्फ छोटे मुखिया और राजापाकड़ से प्रतिमा दास शामिल हैं. पार्टी की पूरी सूची अभी जारी नहीं हुई है और कुछ नामों को गैर-औपचारिक तौर पर आगे बढ़ाया गया है.
बछवाड़ा सीट पर महागठबंधन के भीतर फ्रेंडली फाइट की स्थिति बन गई है. यहां कांग्रेस ने यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शिवप्रकाश गरीबदास को सिंबल दिया है, जबकि CPI ने अवधेश राय को उम्मीदवार बनाया है. पिछली बार इसी सीट पर अवधेश राय महागठबंधन के उम्मीदवार थे और शिवप्रकाश गरीबदास निर्दलीय मैदान में उतरे थे, जिसमें भाजपा के सुरेंद्र मेहता मामूली अंतर से जीत गए थे.
उपमुख्यमंत्री पद को लेकर भी महागठबंधन में सहमति नहीं बन पाई है. तय किया गया है कि उपमुख्यमंत्री का नाम चुनाव बाद घोषित किया जाएगा. मुकेश सहनी के दावे पर आपत्ति जताई गई कि यदि मल्लाह जाति से उपमुख्यमंत्री की अग्रिम घोषणा की गई तो अन्य अति पिछड़ी जातियां नाराज हो सकती हैं. इस मुद्दे पर सबसे अधिक आपत्ति कांग्रेस की ओर से आई, जिसने तर्क दिया कि गठबंधन की दूसरी सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते इस पद पर उनका दावा बनता है. हालांकि यह तय हो चुका है कि तेजस्वी यादव ही महागठबंधन का चेहरा होंगे और कुछ दिनों में इसे औपचारिक रूप से घोषित किया जाएगा.