Jamshedpur Sitaramdera Suspicious Death: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भालूबासा चौक के पास एक 40 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं, दाहिने पैर का घुटना छिला हुआ था और मुंह से हल्का खून निकल रहा था.
स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक के घर में पिछले कई घंटों से झगड़ा हो रहा था. झगड़े के बाद मृतक की पत्नी ने एक ऑटो चालक को बुलाया, जो रैपीडो में काम करता है, और युवक को टीएमएच (टाटा मेन हॉस्पिटल) ले जाया गया. अस्पताल पहुंचने के बाद परिजन शव को वहीं छोड़ मौके से फरार हो गए.
चौंकाने वाली बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी स्थानीय पुलिस को शुरू में नहीं दी गई थी. जब पुलिस ने मामले की जानकारी ली और परिवार से पूछताछ करने की कोशिश की, तो वे बातचीत से बचते नजर आए.
सूत्रों के अनुसार, पोस्टमार्टम नहीं कराने के लिए कुछ लोगों द्वारा दबाव भी बनाया जा रहा था.
सीतारामडेरा थाना प्रभारी ने बताया कि परिवार की ओर से जो आवेदन दिया गया था, उसे अस्वीकार करते हुए टीएमएच पुलिस कैंप में भेजा गया है.
परिवार का दावा है कि मृतक हृदय रोगी था, जबकि स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक पिछले कई महीनों से जमीन विवाद को लेकर तनाव में था और अक्सर घर में झगड़े होते रहते थे. पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है.