Crime News: पटमदा थाना क्षेत्र के गोबरघुसी में पुलिस की छापेमारी को लेकर गुड्डू पांडेय के पिता बिजेंद्र कुमार पांडेय ने गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि प्रशासन मदद नहीं कर रहा और पक्षपात कर रहा है. उनके अनुसार, पुलिस दल-बल के साथ गेस्ट हाउस में घुसी, तोड़फोड़ की और तीन निर्दोष युवकों को पकड़ लिया. फोर्च्यूनर गाड़ी को क्षति पहुंचाई गई, वाहन के दो पहिये तक निकाल लिए और दो की हवा निकाल कर तक छोड़ दी.
उन्होंने कहा कि वह 25 साल से कांग्रेस से जुड़े रहे हैं, फिर भी उनके साथ ऐसी कार्रवाई की गई. उनका आरोप था कि निर्दोषों को फंसाया जा रहा है, जबकि दोषियों को नहीं पकड़ा जा रहा हैं. उन्होंने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री से न्याय की मांग की और कहा कि यह सब किसी इशारे पर किया जा रहा है.
क्या है मामला
यह छापेमारी उस फायरिंग कांड की जांच के दौरान हुई थी, जो 5 अक्टूबर को ओलीडीह ओपी क्षेत्र के संजय पथ में हुई थी. उस घटना के बाद पुलिस तफ्तीश आगे बढ़ा रही थी. उस फायरिंग में जिला बदर अपराधी उमेश उर्फ गुड्डू पांडेय के घर पर गोलियां चली थीं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी.
तफ्तीश के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी दीपक चौधरी उर्फ टेका चौधरी को गिरफ्तार किया था. पूछताछ में उसने अपनी संलिप्तता कबूल की थी और उसके पास से बरामद हथियार को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया था.
इसी मामले में आगे बढ़ते हुए पुलिस ने पटमदा के गोबरघुसी स्थित गेस्ट हाउस में छापेमारी की थी. गेस्ट हाउस में रोशन, डब्लू मिश्रा और एक अन्य युवक मौजूद थे. पुलिस ने तीनों को हिरासत में लिया था.
पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया था और स्थानीय लोगों में भय का माहौल था. प्रशासन की ओर से कहा गया था कि क्षेत्र में किसी भी आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे और गिरफ्तारियां संभव हैं.