Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2025-10-11

Bihar Elections 2025: NDA आज और महागठबंधन कल करेगी सीटों की आधिकारिक घोषणा, सीट शेयरिंग का फॉर्मूला लगभग तय

Bihar Elections 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर यह वीकेंड राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है. दिल्ली से पटना तक राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर शनिवार को घोषणा की संभावना जताई जा रही है, जबकि महागठबंधन भी रविवार तक अपना फॉर्मूला सार्वजनिक कर सकता है. दोनों गठबंधनों के घटक दल लगातार बैठकों में जुटे हुए हैं और अंतिम सहमति के करीब पहुंच चुके हैं.

एनडीए में सीटों का बंटवारा तय, औपचारिक घोषणा बाकी

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने संकेत दिया है कि एनडीए में सीटों का बंटवारा तय हो चुका है और इसका औपचारिक ऐलान होने वाला है. सूत्रों के अनुसार, एनडीए 243 सीटों में से जदयू और बीजेपी मिलकर लगभग 200 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ेंगे. शेष सीटें लोजपा (रामविलास), हम और रालोमो के बीच बांटी जाएंगी. जानकारी यह भी है कि जदयू, बीजेपी से एक सीट अधिक ले सकता है. लोजपा (आर) को 25 सीटों का प्रस्ताव दिया गया है, हालांकि पार्टी कुछ अतिरिक्त सीटों की मांग कर रही है.

महागठबंधन में भी सीट शेयरिंग पर बन चुकी है सहमती

महागठबंधन में भी लगभग सहमति बन चुकी है. राजद सबसे अधिक सीटों पर मैदान में उतरेगा, जबकि कांग्रेस को दूसरी सबसे बड़ी हिस्सेदारी मिलेगी. तीनों वामदलों के लिए लगभग 29 सीटें तय मानी जा रही हैं, पर भाकपा माले अभी कुछ और सीटों की मांग कर रही है. राजद ने सीट बंटवारे और उम्मीदवारों के चयन का अधिकार लालू प्रसाद को सौंप दिया है. गठबंधन जीत की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए सामाजिक समीकरणों के आधार पर उम्मीदवारों के चयन की रणनीति बना रहा है.

पहले चरण की 121 सीटों पर नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है, हालांकि अभी तक किसी प्रमुख दल ने उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा नहीं की है. जनसुराज के अलावा किसी ने सूची जारी नहीं की है.

एनडीए और महागठबंधन में सीट बंटवारे का संभावित फॉर्मूला

सीट बंटवारे का संभावित फॉर्मूला भी सामने आने लगा है. एनडीए में जदयू और बीजेपी को 100 से 102 सीटें मिल सकती हैं, लोजपा (आर) को 25 से 30 सीटें, हम को 7 से 8 सीटें और रालोमो को 6 से 7 सीटें. महागठबंधन में राजद को 135 से 140, कांग्रेस को 52 से 57, माले को 19 से 22, भाकपा को 6 से 7, माकपा को 4 से 6, वीआईपी को 18 से 22, रालोजपा को 1 से 3 और झामुमो को 1 से 3 सीटें दिए जाने की चर्चा है.

इस बीच, दिल्ली में बीजेपी उम्मीदवारों को लेकर अहम बैठक होने वाली है. राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में उम्मीदवारों के पैनल पर मंथन होगा. 12 अक्टूबर को केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में नामों पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी. बैठक में बीएल संतोष, धर्मेंद्र प्रधान और अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे.

उधर, चिराग पासवान की लोजपा (रामविलास) और पशुपति पारस की लोजपा की भी बैठकों पर सबकी नजरें टिकी हैं. सीटों पर असहमति के कारण शुक्रवार की बैठक टल गई थी, लेकिन शनिवार को कैंडिडेट चयन पर चर्चा की जाएगी. रालोजपा के सूरजभान सिंह परिवार सहित राजद में शामिल होने की तैयारी में हैं. चर्चा है कि मोकामा सीट से अनंत सिंह के खिलाफ राजद इन्हें टिकट दे सकता है.

जेडीयू में अरुण कुमार की वापसी तय

जेडीयू में भी हलचल है. अरुण कुमार की पार्टी में वापसी की बात तय हो चुकी है, जो भूमिहार समुदाय में बड़ी पकड़ रखने वाले नेता माने जाते हैं. पटना में वह औपचारिक रूप से जदयू की सदस्यता लेंगे. कुल मिलाकर, बिहार में चुनावी मौसम पूरी तरह गरमा चुका है और हर दल अपनी रणनीतिक तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गया है.

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !