घटना का विवरण
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि बीते 15 सितंबर को वादिनी स्वर्णली कुमारी ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि काले रंग की बुलेट बाइक पर सवार दो युवक उसके गले से सोने की चैन झपटकर फरार हो गए थे। मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस की छापेमारी और गिरफ्तारी
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस उप निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने पारडीह मानगो क्षेत्र में छापेमारी की। छापेमारी में शाहबाज शेख उर्फ शाबू (23) और साजिद शेख उर्फ अमान बिल्ला को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुराने मामलों का खुलासा
आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 16 जुलाई 2025 को भी बाराद्वारी दत्ता डेकोरेटर के पास चैन स्नैचिंग की थी और छीनी गई चैन को वसीम अकरम उर्फ चंदू को 11,000 रुपये में बेच दिया था।
चैन खरीददार भी गिरफ्तार
पुलिस ने वसीम अकरम को भी गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर सोने की चैन और स्नैचिंग में प्रयुक्त काले रंग की बुलेट बाइक बरामद की गई।
लंबा आपराधिक इतिहास
सिटी एसपी ने बताया कि दोनों अपराधियों का आपराधिक इतिहास रहा है। शाहबाज पर बर्मामाइन्स और आजादनगर थानों में लूट के केस दर्ज हैं, जबकि साजिद पर बर्मामाइन्स, साकची और मानगो थानों में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।