
दोस्तों के साथ नहाने पहुंचा था लेक
जानकारी के मुताबिक, कृष्णा राणा अपने आठ दोस्तों के साथ लेक घूमने आया था। सभी युवक कारपेंटर का काम करते हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि कुल नौ लोग आए थे, जिनमें से छह युवक नहाने के लिए पानी में उतरे थे। शुरूआत में सभी सामान्य रूप से नहा रहे थे, लेकिन जब कृष्णा राणा आख़िरी में पानी में उतरा तो अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
बचाने की कोशिश नाकाम
डूबते हुए देख उसके दोस्तों ने तुरंत मदद की कोशिश की। हालांकि पानी गहरा होने और तैराकी न जानने के कारण वे उसे बाहर निकालने में नाकाम रहे और खुद किनारे लौट आए। घबराए दोस्तों ने तुरंत स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना दी।
देर से पहुंची पुलिस, औपचारिक पूछताछ तक सीमित
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सूचना मिलने के बाद भी पुलिस देर से मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य शुरू करने की बजाय पुलिस कर्मियों ने केवल औपचारिक पूछताछ की। इस बीच समय बीतता गया और डूबे युवक का पता नहीं चल सका।
मछुआरों ने निकाला शव
काफी देर बाद जब स्थानीय मछुआरे मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने अपनी नाव और जाल की मदद से पानी में तलाश शुरू की। अंततः उन्होंने युवक को पानी से बाहर निकाला। झील के किनारे मौजूद दोस्तों और ग्रामीणों ने बताया कि यदि समय पर बचाव दल और साधन उपलब्ध होते तो युवक की जान बचाई जा सकती थी।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
गौरतलब है कि डिमना झील में यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई युवक और पर्यटक नहाने के दौरान डूबकर अपनी जान गंवा चुके हैं। इसके बावजूद अब तक यहां लाइफगार्ड की स्थायी तैनाती, चेतावनी बोर्ड, या सुरक्षा घेराबंदी जैसी व्यवस्थाएं नहीं की गई हैं। हर बार हादसे के बाद केवल खानापूर्ति की जाती है, लेकिन ज़मीनी स्तर पर कोई ठोस कदम नज़र नहीं आता।
स्थानीय लोगों की नाराज़गी
स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि डिमना झील में रोजाना सैकड़ों लोग घूमने आते हैं, बावजूद इसके सुरक्षा के नाम पर कुछ भी व्यवस्था नहीं है। लोगों का कहना है कि यदि लाइफ जैकेट, बोटिंग सुरक्षा और प्रशिक्षित गार्ड मौजूद रहते, तो ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता है।
सवालों के घेरे में प्रशासन
इस हादसे के बाद एक बार फिर प्रशासन पर सवाल उठने लगे हैं कि आखिर क्यों हर घटना के बाद केवल औपचारिकता निभाई जाती है। झील को पर्यटन स्थल के रूप में बढ़ावा तो दिया जाता है, लेकिन सुरक्षा इंतज़ाम पूरी तरह नदारद हैं।