Meta Description
जमशेदपुर: बर्मामाइंस क्षेत्र की विनोबा आश्रम, सिद्धू कानू बस्ती और विनोबा बस्ती में अब तक पेयजल कनेक्शन नहीं दिए जाने को लेकर जनता दल (यूनाइटेड) के नेताओं ने कड़ा विरोध जताया है. उन्होंने टाटा स्टील यूएआईएसएल (TSUISL) पर जनता की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन शुरू किया जाएगा.
जद (यू) बर्मामाइंस मंडल अध्यक्ष बबलू कुमार एवं पूर्वी सिंहभूम जिला उपाध्यक्ष दुर्गा राव ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि पिछले वर्ष जमशेदपुर पूर्वी के पूर्व विधायक एवं पश्चिम के वर्तमान विधायक सरयू राय ने टीएसयूआईएसएल के प्रबंध निदेशक को पत्र लिखकर इन बस्तियों में जल कनेक्शन उपलब्ध कराने की अनुशंसा की थी. लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी कंपनी की ओर से कोई पहल नहीं की गई है, जिससे इन क्षेत्रों में जलसंकट लगातार गहराता जा रहा है. लोगों को दैनिक जरूरतों के लिए दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है.
प्रदर्शन की चेतावनी
जद (यू) नेताओं ने टीएसयूआईएसएल (TSUISL) को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही इन इलाकों में पेयजल कनेक्शन की व्यवस्था नहीं की जाती है, तो बस्तीवासियों के साथ मिलकर कार्यालय गेट के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा.
स्थानीय निवासियों में है नाराजगी
पेयजल संकट से जूझ रहे बस्तीवासियों में भी प्रशासन और कंपनी के प्रति नाराजगी है. लोगों का कहना है कि बुनियादी सुविधाओं से वंचित रखना उनके साथ अन्याय है.