Johar Police Chatbot: अब पुलिस से जुड़ी कई जरूरी सेवाओं के लिए लोगों को हर बार थाना या पुलिस कार्यालय जाने की जरूरत नहीं होगी. पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने "जोहार पुलिस" नाम से WhatsApp चैटबॉट सेवा शुरू की है. इस सुविधा के जरिए लोग अपने मोबाइल से पुलिस से जुड़ी जानकारी ले सकेंगे. शिकायत, सत्यापन और आवेदन की स्थिति जैसी कई सेवाओं को WhatsApp के जरिए आसानी से देखा जा सकेगा.
WhatsApp पर सिर्फ "Hi" भेजना होगा
"जोहार पुलिस" का इस्तेमाल करने के लिए लोगों को WhatsApp नंबर 9471167577 पर सिर्फ "Hi" लिखकर भेजना होगा. इसके बाद चैटबॉट के जरिए उपलब्ध सेवाओं की जानकारी ली जा सकेगी. पुलिस की ओर से जारी QR Code को स्कैन करके भी इस सेवा तक पहुंचा जा सकता है.
ये 10 सेवाएं मिलेंगी
चैटबॉट में नागरिकों के लिए कई जरूरी विकल्प दिए गए हैं.
खोया मोबाइल: गुम हुए मोबाइल से जुड़ी शिकायत और सहायता.
साइबर क्राइम: साइबर अपराध से संबंधित शिकायत और जानकारी.
ट्रैफिक और चालान: चालान और यातायात से जुड़ी जानकारी.
पासपोर्ट सत्यापन: पासपोर्ट वेरिफिकेशन की जानकारी और स्थिति.
चरित्र प्रमाण पत्र: कैरेक्टर वेरिफिकेशन से संबंधित सुविधा.
पुलिस वेरिफिकेशन: पुलिस सत्यापन की प्रक्रिया और स्टेटस.
आवेदन की स्थिति: पुलिस कार्यालय में दिए गए आवेदन या शिकायत का स्टेटस.
नजदीकी थाना: आसपास के पुलिस स्टेशन की जानकारी.
महिला सुरक्षा: महिला सुरक्षा और ईव-टीजिंग से जुड़ी शिकायत या सूचना.
वरिष्ठ नागरिक और शिकायत: वरिष्ठ नागरिकों के लिए सहायता के साथ शिकायत, सुझाव और फीडबैक भेजने की सुविधा.
लोगों को बार-बार नहीं लगाना पड़ेगा चक्कर
पुलिस के मुताबिक, इस सेवा का मकसद आम लोगों के लिए पुलिस सेवाओं को आसान बनाना है. छोटी-छोटी जानकारी या किसी आवेदन की स्थिति जानने के लिए लोगों को बार-बार थाना या पुलिस कार्यालय जाने की जरूरत कम होगी.
पुलिस और जनता के बीच संवाद आसान होगा
पूर्वी सिंहभूम पुलिस का कहना है कि WhatsApp आधारित इस सुविधा से नागरिकों को घर बैठे जरूरी जानकारी मिल सकेगी. पुलिस प्रशासन ने जिले के लोगों से "जोहार पुलिस" चैटबॉट का इस्तेमाल करने की अपील की है, ताकि पुलिस सेवाओं तक पहुंच और आसान हो सके.