Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-09-07

Bokaro News: बोकारो के चीराचास में हॉस्टल में चोरी करने पहुंचे बदमाशों ने चाकू से किया हमला, संचालक समेत तीन घायल

Bokaro News: चीराचास थाना क्षेत्र स्थित क्रिएटिव बॉयज हॉस्टल में चोरी की कोशिश के दौरान तीन अज्ञात युवकों ने हॉस्टल संचालक और दो कर्मचारियों पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात में हॉस्टल संचालक रजत कुमार समेत तीन लोग घायल हुए हैं। रजत कुमार को गंभीर चोट लगने के बाद रविवार रात ही मेडिकेंट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उनके घाव को देखते हुए माइनर सर्जरी की सलाह दी।


वार्षिक कार्यक्रम के बाद हॉस्टल पहुंचे तो दिखा कटा CCTV तार

हॉस्टल मैनेजर कुलदीप कुमार सिंह के मुताबिक, रविवार देर शाम पांडेपुर के पास स्थित उत्सव वाटिका में क्रिएटिव हॉस्टल की वार्षिक मीटिंग और काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें हॉस्टल के बच्चे, कर्मचारी और संचालक रजत कुमार शामिल हुए थे।

कार्यक्रम खत्म होने के बाद संचालक और स्टाफ बच्चों को हॉस्टल पहुंचाने के लिए वापस लौटे। हॉस्टल परिसर में पहुंचने पर उनकी नजर CCTV कैमरे के कटे हुए तार पर पड़ी। इसके बाद जैसे ही गेट खोला गया, परिसर के अंदर से तीन अज्ञात युवक बाहर निकलते नजर आए।

पकड़ने की कोशिश पर युवकों ने निकाला चाकू

हॉस्टल संचालक और कर्मचारियों ने शोर मचाते हुए युवकों को रोकने की कोशिश की। आरोप है कि इसी दौरान तीनों युवकों ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। हमले में रजत कुमार के कान के पास, बांह और जांघ में चोट लगी। घाव गहरा होने के कारण डॉक्टरों ने माइनर सर्जरी की सलाह दी। वहीं, हॉस्टल के दो कर्मचारी भी हमले में घायल हो गए।


रजत कुमार के भाई राहुल कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे। वारदात के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी मौके से भागने में सफल रहे। पकड़े गए युवक की भीड़ ने पिटाई भी की।

पुलिस ने शुरू की जांच, फरार आरोपियों की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने पकड़े गए युवक को अपने कब्जे में लिया है और फरार दोनों युवकों की तलाश की जा रही है।

पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि फरार आरोपियों की पहचान की जा सके और यह पता लगाया जा सके कि तीनों युवक हॉस्टल में किस उद्देश्य से पहुंचे थे। पुलिस घटना से पहले और बाद की गतिविधियों की भी जांच कर रही है।

WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !