Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-09-04

Chhatrapati Sambhajinagar News: एशियन अस्पताल के NICU में शार्ट सर्किट से लगी आग, 9 नवजात समेत 58 मरीज सुरक्षित निकाले गए

Chhatrapati Sambhajinagar News: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में शुक्रवार तड़के एक अस्पताल में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. आकाशवाणी चौक इलाके के एशियन हॉस्पिटल की पहली मंजिल पर स्थित NICU में आग लगी थी. जिस वक्त आग लगी, वहां 9 नवजात बच्चों का इलाज चल रहा था.

अस्पताल प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग की तेजी से की गई कार्रवाई के चलते बड़ा हादसा टल गया. NICU में भर्ती सभी बच्चों समेत पहली मंजिल के 58 मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

तड़के 2:45 बजे NICU में लगी आग
जानकारी के मुताबिक, हादसा शुक्रवार सुबह करीब 2:45 बजे हुआ. NICU में लगे एयर कंडीशनर में शॉर्ट सर्किट होने के बाद चिंगारी निकली. कुछ ही देर में वार्ड में धुआं भरने लगा और आग फैल गई. धुआं और लपटें देखकर ड्यूटी पर मौजूद मेडिकल स्टाफ ने तुरंत मोर्चा संभाला. दमकल विभाग और जवाहरनगर पुलिस को घटना की जानकारी दी गई.

5 दमकल गाड़ियों ने 15 मिनट में बुझाई आग
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 5 गाड़ियां अस्पताल पहुंच गईं. दमकलकर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब 10 से 15 मिनट में आग पर काबू पा लिया. हालांकि, NICU में घना धुआं भरने के कारण बच्चों को बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण रहा. जवाहरनगर पुलिस और RCP के जवान भी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद की.

आग के बाद अस्पताल में भर्ती मरीजों को सुरक्षित जगह पहुंचाने के लिए करीब 30 एंबुलेंस मौके पर बुलाई गईं. पहली मंजिल पर कुल 58 मरीज भर्ती थे. इनमें 9 नवजात बच्चे, जनरल वार्ड के 36 मरीज और स्पेशल रूम के 13 मरीज शामिल थे. रेस्क्यू के दौरान मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया.

वेंटिलेटर और ऑक्सीजन सपोर्ट के साथ निकाले गए नवजात
NICU में भर्ती सभी 9 नवजात बच्चों को विशेष सावधानी के साथ दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया गया. बच्चों को वेंटिलेटर और ऑक्सीजन सपोर्ट के साथ सुरक्षित बाहर निकाला गया. इनमें 5 बच्चों को घाटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. 3 बच्चों को MGM अस्पताल और 1 बच्चे को संजीवनी अस्पताल भेजा गया.

NICU के 9 नवजात बच्चों के अलावा पहली मंजिल पर भर्ती 49 अन्य मरीजों को भी दूसरे सुरक्षित अस्पतालों में स्थानांतरित किया गया. मरीजों को तेजी से निकालने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया, ताकि एंबुलेंस बिना देरी के मरीजों को अस्पतालों तक पहुंचा सकें. दमकल और पुलिस की टीमों की त्वरित कार्रवाई से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और एक बड़े हादसे को टाल दिया गया.


WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !