Chakulia News: पूर्वी सिंहभूम के चाकुलिया में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ रहा है. अब हाथी सिर्फ गांव और आबादी वाले इलाकों तक सीमित नहीं हैं. बता दें कि, गुरुवार देर रात एक जंगली हाथी हवाई पट्टी इलाके में बने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में घुस गया. हाथी करीब दो घंटे तक प्लांट के अंदर रहा. इस दौरान उसने कई जगहों पर तोड़फोड़ की और वहां पर मौजूद चीज़ों को काफी नुकसान पहुंचाया , वहीं वहां पर मौजूद कर्मचारी वो गार्डों ने छिपकर अपनी जान बचाई.
मुख्य गेट तोड़कर प्लांट में घुसा हाथी
जानकारी के मुताबिक, हाथी देर रात हवाई पट्टी की तरफ से प्लांट के पास पहुंचा. इसके बाद उसने प्लांट के मुख्य गेट को जोरदार टक्कर मारी. गेट टूटने के बाद हाथी अंदर चला गया. प्लांट के अंदर पहुंचते ही उसने अलग अलग जगहों पर तोड़फोड़ शुरू कर दी.
दफ्तर के दरवाजे और खिड़कियां तोड़ीं
हाथी सीधे प्लांट के कार्यालय वाले हिस्से में भी पहुंच गया. उसने दफ्तर के शीशे वाले दरवाजों और खिड़कियों को तोड़ दिया. हाथी के अचानक अंदर आने से वहां मौजूद कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों में डर फैल गया. रात की ड्यूटी पर तैनात गार्ड ने तुरंत खुद को सुरक्षित जगह पर छिपा लिया. इससे वह हाथी की चपेट में आने से बच गया.
करीब दो घंटे तक परिसर में रहा हाथी
हाथी काफी देर तक प्लांट के अंदर घूमता रहा. इस दौरान कर्मचारियों ने उससे दूरी बनाए रखी. किसी ने भी हाथी के पास जाने की कोशिश नहीं की. करीब दो घंटे बाद जब हाथी प्लांट से बाहर निकला, तब कर्मचारियों ने राहत की सांस ली.
दो दिन पहले भी प्लांट में घुसा था हाथी
प्लांट का संचालन करने वाली पायोनियर एजेंसी के प्रभारी ने बताया कि इलाके में हाथियों की आवाजाही बढ़ गई है. उनके मुताबिक, दो दिन पहले भी एक जंगली हाथी प्लांट परिसर में घुसा था. उस समय भी हाथी ने नुकसान पहुंचाया था. अब दो दिनों के अंदर दूसरी बार हाथी के आने से कर्मचारियों में डर का माहौल है.
वन विभाग से निगरानी बढ़ाने की मांग
लगातार हाथियों के प्लांट में पहुंचने से प्रबंधन कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित है. प्लांट प्रबंधन ने वन विभाग से इलाके में निगरानी बढ़ाने की मांग की है. हवाई पट्टी और प्लांट के आसपास हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने की भी मांग की गई है. प्रबंधन का कहना है कि समय रहते सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं, ताकि आगे किसी बड़े हादसे से बचा जा सके.