Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-09-04

Giridih News: SIR कैंप में वीडियो बनाने पर विवाद, सरिया BDO पर युवक से मारपीट का आरोप, ग्रामीणों ने कर्मियों को बनाया बंधक

Giridih: गिरिडीह के सरिया प्रखंड के कुसुमाड़ीह पंचायत सचिवालय में गुरुवार को SIR कैंप के दौरान विवाद हो गया. मोबाइल से वीडियो बनाए जाने को लेकर शुरू हुई बहस कुछ ही देर में हंगामे में बदल गई. बताया जा रहा है कि कैंप में सर्वेक्षण कार्य के लिए सरिया BDO ललित नारायण तिवारी भी पहुंचे थे. इसी दौरान आजाद अंसारी नाम का एक युवक मोबाइल से वीडियो बना रहा था. वीडियो बनाने को लेकर BDO ने आपत्ति जताई. इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई.

युवक से मारपीट का ग्रामीणों ने लगाया आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि विवाद के दौरान आजाद अंसारी के साथ मारपीट की गई. ग्रामीणों ने गला दबाने का भी आरोप लगाया है. घटना की जानकारी आसपास के लोगों को मिली तो बड़ी संख्या में ग्रामीण पंचायत सचिवालय पहुंच गए. लोगों ने BDO के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग शुरू कर दी. इसके बाद ग्रामीणों ने BDO ललित नारायण तिवारी समेत पंचायत सचिवालय में मौजूद अन्य कर्मियों को अंदर ही रोक दिया. ग्रामीण BDO से माफी मांगने की मांग पर अड़े रहे.

प्रशासनिक अधिकारियों के पहुंचने से बढ़ी सुरक्षा
BDO और कर्मियों को रोके जाने की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ. सरिया-बगोदर SDM संतोष गुप्ता और SDPO धनंजय राम मौके पर पहुंचे. स्थिति को देखते हुए सरिया, बगोदर और आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया. पुलिसकर्मी पंचायत सचिवालय के बाहर तैनात रहे. अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर विवाद को शांत कराने की कोशिश शुरू की.

SDM ने बताया मामूली नोकझोंक
पूरे मामले पर SDM संतोष गुप्ता ने कहा कि BDO के साथ मामूली नोकझोंक हुई थी. इसके बाद कुछ ग्रामीण आवेश में आ गए. उन्होंने बताया कि प्रशासन ग्रामीणों से बातचीत कर रहा है और स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया गया. घटना के बाद कुछ समय तक पंचायत सचिवालय परिसर में तनाव बना रहा. बाद में प्रशासनिक अधिकारियों की पहल पर ग्रामीणों से बातचीत हुई और स्थिति को शांत कराया गया.


WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !