Ramgarh News: झारखंड के रामगढ़ जिले से दुखद खबर सामने आई है. भुरकुंडा थाना क्षेत्र के पाली गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई. मृतकों में संगीता देवी और उनके दो बेटे रामकिशुन तथा साहिल शामिल हैं. तीनों की मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है.
पहले दोनों बेटों की तबीयत बिगड़ी
जानकारी के अनुसार, सबसे पहले संगीता देवी के दोनों बेटों की तबीयत खराब हुई थी. डॉक्टरों की शुरुआती जांच में दोनों को मलेरिया और टाइफाइड बताया गया था. इसके बाद उनका इलाज शुरू किया गया. हालांकि, इस दौरान झाड़ फूंक कराए जाने की बात भी सामने आ रही है. बताया जा रहा है कि समय पर सही इलाज नहीं मिलने या किसी अन्य वजह से दोनों की हालत लगातार बिगड़ती गई.
आखिरकार दोनों ने दम तोड़ दिया
बेटों की मौत के बाद मां की हालत भी बिगड़ी दोनों बेटों की मौत से संगीता देवी को गहरा सदमा लगा. इस बीच उनकी खुद की तबीयत भी खराब हो गई. हालत गंभीर होने पर उन्हें रामगढ़ के एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उन्हें रांची के RIMS रेफर कर दिया. RIMS में इलाज के दौरान देर रात संगीता देवी की भी मौत हो गई.
तीन मौतों के बाद गांव के लोगों के मन में कई सवाल
एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत के बाद पाली गांव में शोक का माहौल है. ग्रामीण इस घटना को लेकर कई तरह की बातें कर रहे हैं. इलाज में देरी और झाड़ फूंक कराए जाने की चर्चा भी हो रही है. हालांकि, तीनों की मौत की असली वजह अभी साफ नहीं हुई है. बीमारी की गंभीरता, इलाज में देरी या किसी अन्य कारण से मौत हुई, इसका पता जांच के बाद ही चलेगा.
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलने के बाद भुरकुंडा थाना पुलिस जांच में जुट गई है. पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से जानकारी ले रही है. इलाज करने वाले डॉक्टरों से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस के अनुसार, मौत की सही वजह पोस्टमार्टम और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.