Ranchi News: कोयला घोटाले की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने चर्चित कोयला कारोबारी एलबी सिंह की पत्नी आरती सिंह से पूछताछ शुरू कर दी है। 31 अगस्त को वह ED के रांची स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचीं। अधिकारियों ने जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उनसे पूछताछ शुरू की।
दरअसल, कोयला घोटाले में ED की दूसरे चरण की छापेमारी के दौरान करीब 160 करोड़ रुपये के वित्तीय निवेश को फ्रीज किया गया था। जांच के दौरान मिले निवेश से जुड़े दस्तावेजों में आरती सिंह के नाम पर किए गए निवेश का विवरण भी सामने आया था।
दो समन पर नहीं हुई थीं पेश
निवेश से संबंधित दस्तावेजों के आधार पर ED ने आरती सिंह को पहले दो बार समन जारी किया था। हालांकि, दोनों मौकों पर वह पूछताछ के लिए एजेंसी के समक्ष पेश नहीं हुईं और समय देने का अनुरोध किया था।
अब ED की ओर से जारी तीसरे समन के बाद आरती सिंह 31 अगस्त को रांची स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचीं। एजेंसी के अधिकारी निवेश से जुड़े दस्तावेजों और मामले में उनकी भूमिका से संबंधित बिंदुओं पर जानकारी जुटा रहे हैं।
पूछताछ के दौरान ED वित्तीय लेनदेन और फ्रीज किए गए निवेश से जुड़े रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई पूछताछ और जांच से सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।