Delhi Crime News: दिल्ली में 16 वर्षीय छात्रा से चलती स्लीपर बस में दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना 4 अगस्त की बताई जा रही है, जिसकी जानकारी पुलिस ने 31 अगस्त को दी। पुलिस ने मामले में बस के ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार किया है। घटना में इस्तेमाल बस को भी कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, छात्रा उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली है और 11वीं कक्षा में पढ़ती है। परिवार में विवाद के बाद वह बिना बताए नोएडा में रहने वाले अपने कजिन के घर जाने के लिए निकली थी। हालांकि, वह नोएडा कैसे पहुंची, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है।
बारिश और अंधेरे में परी चौक पर बस का इंतजार
पुलिस के मुताबिक, भारी बारिश और अंधेरे के कारण छात्रा ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर उतर गई थी। नोएडा जाने के लिए वह वाहन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान एक खाली स्लीपर बस वहां से गुजरी। छात्रा ने बस को रुकने का इशारा किया।
आरोप है कि ड्राइवर और कंडक्टर ने उसे बस में बैठा लिया और बताया कि बस नोएडा सेक्टर-63 की ओर जा रही है। बस आगे बढ़ने के कुछ समय बाद कंडक्टर ने छात्रा के साथ कथित तौर पर अश्लील हरकत करने की कोशिश की।
विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप
पुलिस को दिए बयान में छात्रा ने आरोप लगाया कि ड्राइवर और कंडक्टर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर दोनों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। बस के अंदर लगे पर्दों के कारण बाहर से किसी को अंदर की स्थिति दिखाई नहीं दे रही थी।
पुलिस के अनुसार, बस परी चौक से कश्मीरी गेट तक करीब 47 किलोमीटर चली। देर रात दोनों आरोपियों ने छात्रा को कश्मीरी गेट बस टर्मिनल के पास रिंग रोड पर उतार दिया और वहां से फरार हो गए। छात्रा ने उसी रात पुलिस से संपर्क कर घटना की जानकारी दी।
तिमारपुर पार्किंग से दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को तिमारपुर की एक बस पार्किंग से गिरफ्तार किया। घटना में इस्तेमाल स्लीपर बस को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस बस की फोरेंसिक जांच करा रही है और मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।
जांच में पुलिस को पता चला कि घटना वाले दिन बस में खराबी आ गई थी। इसके बाद आरोपी बस को मरम्मत के लिए नोएडा के सूरजपुर स्थित एक वर्कशॉप ले गए थे। मरम्मत के बाद दोनों खाली बस को तिमारपुर ले जा रहे थे, तभी परी चौक पर छात्रा ने बस को रोकने का इशारा किया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।