सरायकेला : झारखंड सरकार के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के तहत सरायकेला जिले के पुलिस निरीक्षक सह यातायात थाना प्रभारी अजय तिवारी को राज्य पुलिस सेवा के अंतर्गत पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पद पर प्रोन्नति प्रदान की गई है।
इस अवसर पर सोमवार को सरायकेला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक तथा सरायकेला के पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में एक गरिमामय पिपिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। समारोह में अजय तिवारी को नई रैंक के प्रतीक चिन्ह लगाकर सम्मानित किया गया और उन्हें डीएसपी के पद का औपचारिक दायित्व सौंपा गया।
समारोह के दौरान अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने अजय तिवारी को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। अजय तिवारी की ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और कड़ी मेहनत को देखते हुए उन्हें यह उपलब्धि हासिल हुई है। क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और कानून-व्यवस्था कायम रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
पिपिंग सेरेमनी में अजय तिवारी ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि वे नई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे। उन्होंने पुलिसिंग के हर क्षेत्र में जनता की सेवा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।
समारोह में पुलिस विभाग के कई अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिजन भी उपस्थित रहे। पूरा माहौल उत्साह और सम्मान से भरा रहा।