Jharkhand News: रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड के लोगों को शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए राज्यवासियों को रक्षाबंधन की बधाई दी और सभी को "जोहार" कहा. मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन सिर्फ भाई-बहन के रिश्ते का त्योहार नहीं है. यह प्यार, विश्वास और एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी का भी प्रतीक है.
उन्होंने कहा कि यह पर्व परिवार और समाज को मजबूत बनाने का संदेश देता है. भाई-बहन के बीच का रिश्ता आपसी सम्मान और भरोसे पर टिका होता है. हेमंत सोरेन ने झारखंड की माताओं और बहनों की भूमिका का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार संभालने के साथ राज्य और देश की तरक्की में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब कोई महिला शिक्षित होती है और अपने पैरों पर खड़ी होती है, तो इसका असर सिर्फ उस महिला तक सीमित नहीं रहता. इससे पूरा परिवार और समाज आगे बढ़ता है. उन्होंने बताया कि राज्य सरकार महिलाओं को मजबूत बनाने के लिए कई योजनाएं चला रही है. इनमें मंईयां सम्मान योजना, पलाश, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना और फूलो-झानो आशीर्वाद अभियान शामिल हैं.
मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन के मौके पर लोगों से बेटियों की शिक्षा और महिलाओं की तरक्की का संकल्प लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि बेटियां पढ़ेंगी, बहनें आगे बढ़ेंगी और माताएं सशक्त होंगी, तभी परिवार मजबूत होगा. इसका सीधा असर समाज, झारखंड और पूरे देश की प्रगति पर पड़ेगा.