Jharkhand Monsoon 2026: झारखंड में इस मानसून कई जिलों में अच्छी बारिश हुई है. राज्य का कुल बारिश का आंकड़ा भले ही सामान्य से कम है, लेकिन कुछ जिलों में बादलों ने जमकर बारिश की है. इसका सीधा फायदा किसानों को मिला है. समय पर हुई बारिश से धान की रोपाई और दूसरे कृषि कार्यों में तेजी आई है.
पश्चिमी सिंहभूम में हुई सबसे ज्यादा बारिश
पश्चिमी सिंहभूम इस मानसून सबसे ज्यादा बारिश वाले जिलों में रहा है. यहां सामान्य से 42 फीसदी ज्यादा बारिश दर्ज की गई है. जिले में अब तक 1117.1 मिलीमीटर बारिश हुई है. जबकि सामान्य वर्षापात 786.4 मिलीमीटर है. सिमडेगा में भी बारिश सामान्य से ज्यादा रही. यहां 1066.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 7 फीसदी अधिक है.
लातेहार में सामान्य से 7 फीसदी अधिक बारिश हुई है. खूंटी में बारिश सामान्य से 2 फीसदी ज्यादा रही. रांची में सामान्य से 4 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है. सरायकेला-खरसावां में भी सामान्य से 4 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है. इन जिलों में अच्छी बारिश होने से खेती के काम को राहत मिली है.
कुछ जिलों में बारिश की कमी
राज्य के कई जिलों में बारिश सामान्य से कम भी रही है. पलामू में सामान्य से 18 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है. रामगढ़ में यह कमी 17 फीसदी रही. जामताड़ा में सामान्य से 19 फीसदी कम बारिश हुई है. दुमका में बारिश सामान्य से 19 फीसदी कम, जबकि धनबाद में 9 फीसदी कम दर्ज की गई है. पूर्वी सिंहभूम में 821.9 मिलीमीटर और लोहरदगा में 755 मिलीमीटर बारिश हुई है. इन दोनों जिलों में बारिश सामान्य के आसपास रही.
झारखंड में अब भी 10 फीसदी बारिश कम
पूरे राज्य के आंकड़ों पर नजर डालें तो 1 जून से 28 अगस्त तक झारखंड में 698 मिलीमीटर वास्तविक बारिश दर्ज की गई है. इस अवधि में सामान्य वर्षापात 778.3 मिलीमीटर माना जाता है. इस हिसाब से राज्य में अब तक करीब 10 फीसदी कम बारिश हुई है. हालांकि, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा जैसे जिलों में अच्छी बारिश ने किसानों को काफी राहत दी है. दूसरी ओर कोडरमा, चतरा, देवघर और पाकुड़ में बारिश की कमी बनी हुई है.
फिलहाल राज्य में मानसून का आंकड़ा अभी सामान्य से नीचे है, लेकिन कई जिलों में हुई अच्छी बारिश से खेती-किसानी को राहत मिली है.