Hazaribag News: अवैध कोयला खनन और तस्करी के खिलाफ CISF ने बड़कागांव के जंगलों में बड़ी कार्रवाई की. करीब 13 घंटे चले अभियान में अलग-अलग जगहों से 256.71 टन अवैध कोयला बरामद किया गया.
ड्रोन से हुई जंगलों की निगरानी
यह अभियान बड़कागांव प्रखंड के जोराकाट, चपरी और सेहंदा के घने वन क्षेत्रों में चलाया गया. दुर्गम इलाकों में छिपे कोयले के ठिकानों का पता लगाने के लिए ड्रोन की मदद ली गई. ड्रोन से मिली तस्वीरों के आधार पर टीम ने संदिग्ध स्थानों की पहचान की और फिर जमीन पर कार्रवाई की.
100 से ज्यादा जवान अभियान में शामिल
CISF के 100 से अधिक जवानों की अलग-अलग टीमों ने एक साथ छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान तीनों इलाकों में बनाए गए कथित अवैध कोयला डिपो से भारी मात्रा में कोयला मिला. बरामद कोयले को 10 बड़े हाइवा वाहनों में लादकर NTPC के कांटा घर पहुंचाया गया.
256.71 टन कोयला जब्त
CISF के अनुसार, अभियान में कुल 256.71 टन अवैध कोयला बरामद हुआ है. जब्त कोयले को सुरक्षित स्टॉक एरिया में रखवा दिया गया है. इसकी आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. बरामद कोयले की अंतिम कीमत अभी तय नहीं हुई है.
अवैध खनन पर जारी रहेगा अभियान
CISF अधिकारियों ने बताया कि संवेदनशील और जंगल वाले इलाके में भी अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया गया. अधिकारियों के मुताबिक, क्षेत्र में अवैध खनन, कोयला भंडारण और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.