Current News: खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता और उनके दावों को लेकर भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने सख्ती बढ़ा दी है। जानकारी के मुताबिक प्राधिकरण ने भ्रामक विज्ञापन, गलत दावों और लेबलिंग में गड़बड़ी के आरोप में 150 से अधिक कंपनियों को नोटिस जारी किए हैं।
नोटिस पाने वाली कंपनियों में इंडिया, फ्लिपकार्ट मिनट्स और अमेजन नाऊ समेत कई अन्य कंपनियां शामिल हैं। FSSAI की निगरानी खास तौर पर उन उत्पादों पर है, जिन्हें बाजार में एनर्जी ड्रिंक के तौर पर पेश किया जा रहा है।
एनर्जी ड्रिंक कंपनियां भी जांच के दायरे में
जानकारी के अनुसार पेप्सिको, मॉन्स्टर एनर्जी, रेड बुल इंडिया, हेल एनर्जी, Diageo और Pernod Ricard जैसी कंपनियों को भी नोटिस भेजे गए हैं। इन कंपनियों के कुछ उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग और प्रचार में किए गए दावों को लेकर सवाल उठाए गए हैं। इससे पहले भी FSSAI ने छह प्रमुख कंपनियों को एनर्जी ड्रिंक की ब्रांडिंग और कथित भ्रामक दावों को लेकर नोटिस जारी किया था। अब प्राधिकरण ने एक बार फिर इस दिशा में कार्रवाई तेज की है।
कई उत्पाद जब्त, लाइसेंस पर भी कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार, खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के आरोप में कुछ उत्पादों को जब्त भी किया गया है। फ्लिपकार्ट मिनट्स और अमेजन नाऊ को कुल 12 नोटिस दिए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं, अमेजन से जुड़े एक वेयरहाउस का लाइसेंस रद्द किए जाने और डोमिनोज के पांच लाइसेंस सस्पेंड किए जाने की भी सूचना है।
58 इंपोर्टेड प्रोडक्ट्स में मिली लेबलिंग की गड़बड़ी
FSSAI ने 58 आयातित उत्पादों की लेबलिंग में भी कथित अनियमितताएं पाई हैं। इनमें डोमिनोज, KFC, पिज्जा हट और कोस्टा कॉफी जैसे फूड सर्विस आउटलेट्स शामिल हैं। इसके अलावा हयात, रैडिसन, मैरियट, हिल्टन, फोर सीजन्स और शांगरी-ला जैसे बड़े होटल समूहों को भी FSSAI की ओर से नोटिस दिए जाने की जानकारी है। प्राधिकरण की कार्रवाई का उद्देश्य खाद्य उत्पादों की पैकेजिंग, लेबलिंग और प्रचार में उपभोक्ताओं को गुमराह करने वाले दावों पर रोक लगाना है।