Ranchi: रांची के कांके थाना क्षेत्र के खटंगा चौक से पांच वर्षीय बच्ची से कथित तौर पर गलत व्यवहार का मामला सामने आया है. बच्ची के पिता ने एक स्थानीय पान दुकान पर मौजूद व्यक्ति पर आपत्तिजनक तरीके से छूने का आरोप लगाया है.
केक लेने गई थी बच्ची
परिजनों के अनुसार, बच्ची खटंगा चौक स्थित समीर अंसारी की पान दुकान पर केक खरीदने गई थी. आरोप है कि इसी दौरान दुकान पर मौजूद व्यक्ति ने बच्ची के साथ गलत नीयत से व्यवहार किया. कुछ देर बाद बच्ची घर पहुंची. वह रो रही थी. परिजनों के पूछने पर उसने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी.
परिजनों ने दर्ज कराया मामला
घटना के बाद परिवार ने बच्ची की बात को रिकॉर्ड किया. हालांकि, बच्ची की पहचान और निजता की सुरक्षा को देखते हुए उसके चेहरे और अन्य पहचान संबंधी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है. परिजन मामले की शिकायत लेकर कांके थाना पहुंचे और पुलिस से जांच कर कार्रवाई की मांग की.
जांच के बाद स्थिति होगी स्पष्ट
मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर लोगों में नाराजगी है. सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कानून कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट होगी.